Headlines
Loading...
चंद रुपयों के लिए दोस्तों को सौंप दी पत्नी; बहाने से भेजा साथ, गैंगरेप के बाद एक्शन में पुलिस...

चंद रुपयों के लिए दोस्तों को सौंप दी पत्नी; बहाने से भेजा साथ, गैंगरेप के बाद एक्शन में पुलिस...

उत्तर प्रदेश के बदायूं में रिश्तों के कत्ल और हैवानियत की सारी हदें पार हो गई हैं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव में कलयुगी पति ने अपनी पत्नी की अस्मत का सौदा मात्र एक हजार रुपये के लिए अपने दोस्तों से कर दिया। पति ने बहाना बनाकर पत्नी को दरिंदे दोस्तों के हवाले कर दिया। दोस्तों ने जंगल में ले जाकर विवाहिता के साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पति ने रास्ते में दोस्तों संग भेजा

घटना के अनुसार, पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी को वह अपने पति के साथ गैस चूल्हे के कागजात बनवाने के बहाने घर से निकली थी। जब वे सुरैनी पापड़ी तिराहे के पास पहुँचे, तो वहां पहले से ही पति के दो दोस्त, पप्पू (निवासी अल्लैहपुर खुर्द) और बालकिशन (निवासी तखोरा) मौजूद थे। महिला का आरोप है कि वहां उसके पति और उन दोनों के बीच एक हजार रुपये में उसे सौंपने का सौदा हुआ। इसके बाद पति ने चालाकी से खुद को किसी काम से जाने की बात कही और पत्नी को अपने दोस्तों के साथ बाइक से घर जाने को कह दिया।

जंगल में ले जाकर की हैवानियत

आरोपी पप्पू और बालकिशन महिला को घर ले जाने के बजाय सुरैनी पापड़ी से बलकनपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित लिप्टस की एक कटी हुई बगिया में ले गए। सुनसान जंगल का फायदा उठाकर दोनों ने महिला के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। दरिंदगी के बाद आरोपी पीड़िता को वहीं छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर महिला अपने घर पहुंची, जहां पति पहले से मौजूद था।

'तुझसे पैसे कमाऊंगा' - पति की निर्लज्जता

जब पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने साथ हुई आपबीती पति को सुनाई और विरोध किया, तो पति के जवाब ने उसके पैरों तले जमीन खिसका दी। महिला का आरोप है कि उसके पति ने ग्लानि महसूस करने के बजाय निर्लज्जता से कहा कि वह "तुझसे ऐसे ही पैसे कमाएगा"। इस भयानक सच को सुनने के बाद महिला ने शाम को अपने जेठ को पूरी बात बताई और थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई।

आरोपियों की तलाश

थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति, पप्पू और बालकिशन के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।