टीम इंडिया के खिलाड़ियों का मोबाइल कौन ले रहा है? पाक मैच से पहले तस्वीर हुई वायरल...
Indian Players Mobile Viral Image: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का विजय रथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। मैदान पर टीम इंडिया के खिलाड़ी चौके-छक्के जड़ रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा गरम है। दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें टीम इंडिया के खिलाड़ियों को बस से उतरते ही अपना मोबाइल फोन किसी को सौंपते हुए देखा जा रहा है। इस तस्वीर से फैंस के बीच खलबली मचा दी है कि आखिर मैच से पहले खिलाड़ियों से उनके फोन क्यों लिए जा रहे हैं।
जमा हुए मोबाइल
वायरल तस्वीर में देखा जा सकता है कि जैसे ही टीम की बस रुकती है, खिलाड़ी एक-एक करके नीचे उतरते हैं। सबसे खास बात यह है कि कोच गौतम गंभीर सबसे पहले अपना मोबाइल फोन एक शख्स को थमाते नजर आते हैं। उनके पीछे हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन और कुलदीप यादव जैसे सितारे भी अपना फोन जमा कर देते हैं।
हालांकि वह रहस्यमयी शख्स कौन है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि मैच और प्रैक्टिस सेशन के दौरान खिलाड़ियों का ध्यान न भटके, इसलिए टीम मैनेजमेंट ने यह कड़ा अनुशासन लागू किया है।
USA और नामीबिया को धूल चटाकर टीम इंडिया बुलंद
भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में है। टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में भारत का सामना मेजबान USA से हुआ था। शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभालते हुए भारत को 161 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में USA की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी। इसके बाद नामीबिया के खिलाफ भी भारत ने एकतरफा खेल दिखाया. सूर्या की कप्तानी में टीम ने 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और नामीबिया को महज 116 रनों पर ढेर कर 93 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। वरुण चक्रवर्ती, हार्दिक और अक्षर पटेल की गेंदबाजी के आगे विपक्षी टीम बेबस नजर आई।
कल पाकिस्तान से महामुकाबला
कल यानी 15 फरवरी 2026 को क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच शुरू होने से पहले ही विवादों में रहा है। पहले पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने से मना किया था, लेकिन आईसीसी की सख्ती के बाद वे मैदान पर उतरने को राजी हुए। भारत अभी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है और कल की जीत टीम इंडिया की जगह सेमीफाइनल की रेस में और मजबूत कर देगी। फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया अपनी जीत की हैट्रिक जरूर लगाएगी।
मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के लिए ईशान किशन का ‘खास प्लान’
पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने हुंकार भरी है। पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक के रूप में एक खतरनाक मिस्ट्री स्पिनर है, जिसे लेकर काफी चर्चा हो रही है। ईशान किशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि टीम इंडिया ने उस्मान के लिए खास रणनीति तैयार कर ली है।
ईशान ने कहा कि तैयारी पूरी हो चुकी है और अब बस मैदान पर जाकर गेंद की लाइन-लेंथ के हिसाब से अपने स्वाभाविक शॉट्स खेलने हैं। उन्होंने संकेत दिए कि भारतीय बल्लेबाज किसी भी मिस्ट्री को सुलझाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।