छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला में आयोजित शिवोत्सव के दौरान तीर्थ परिसर में पूरी रात श्रद्धा भक्ति की अविरल धारा में गोते खाते रहे श्रद्धालु..
छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला में आयोजित छोटी काशी शिवोत्सव के दौरान तीर्थ परिसर में पूरी रात भक्ति की अविरल धारा बहती रही। पौराणिक शिव मंदिर के निकट तीर्थ परिसर में आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
भजन संध्या में टीवी के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो विजेता व प्रसिद्ध गायक हेमंत बृजवासी ने एक से बढ़कर एक शिव एवं भक्ति गीत प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया।
उन्होंने भोले ओ भोले, होली खेले मसाने में.., तेरे भक्त निराले, शिव शंकर डमरू वाले, जय शिव शंकर भोलेनाथ, सांसों की माला पर सिमरूं मैं तेरा नाम, रघुपति राघव राजा राम आदि नए-पुराने भजन और लोकप्रिय गीत सुनाए। उनकी दमदार गायकी पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और तालियों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल छोटी काशी शिव मंदिर कॉरिडोर की आधारशिला की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस शिवोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ
विधायक अमन गिरि ने आरती कर किया। विधायक ने मंच पर पहुंचकर गायक हेमंत बृजवासी सहित साथी कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।
उन्होंने नगरवासियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए आयोजन को आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का महापर्व बताया और छोटी काशी को और भव्य स्वरूप देने का संकल्प दोहराया।
तीर्थ परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था, जिससे पूरा क्षेत्र दिव्य आभा से आलोकित दिखाई दिया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
प्रमुख रूप से यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर, मंदिर कमेटी अध्यक्ष जनार्दन गिरि, धर्मेंद्र गिरि मोंटी, मधुसूदन गिरि, मधुकर गिरि, अजय गिरि सपल्लू, आशुतोष गिरि कन्हैया, सभासद आनंद सोनी, हर्ष अवस्थी अमन, भोली गिरि, सुरेंद्र शर्मा, केके शुक्ला, रामगुलाम पांडे, अवधेश मिश्रा, आनंद त्रिवेदी, आयुष शुक्ला, सचिन सिंह, अजीत पांडे, आदेश कुमार दीक्षित, पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगर एवं क्षेत्रवासी भी मौजूद थे।