कफ सीरप तस्करी में सपा नेता अमित यादव वाराणसी से गिरफ्तार, बंगाल-बांग्लादेश में भेजने का आरोप, पहले से दर्ज है कोतवाली में केस...
वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध भंडारण व तस्करी के मामले में एसटीएफ की लखनऊ टीम ने शनिवार को वाराणसी के मैदागिन निवासी अमित यादव को हरहुआ रिंग रोड काशीधाम के पास से गिरफ्तार कर लिया।एसटीएफ का दावा है कि अमित समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का प्रदेश सचिव और हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज का छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुका है।
एसटीएफ की लखनऊ टीम ने आरोपित को वाराणसी से दबोचा
कफ सीरप तस्करी में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना में दर्ज केस में एसटीएफ को अमित यादव की तलाश थी। एसटीएफ के अनुसार, अमित यादव बंगाल और बांग्लादेश भेजी जा रही कफ सीरफ की तस्करी का सूत्रधार था। लखनऊ में मामला दर्ज होने के बाद उसकी सपा के बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हुई थीं।
अमित ने पूछताछ में दी जानकारी
पूछताछ में अमित ने बताया कि शुभम के साथ उसकी पहचान हरिश्चंद्र कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। शुभम के पिता भोला प्रसाद की रांची स्थित फर्म शैली ट्रेडर्स हिमाचल प्रदेश की एबाट कंपनी की फेंसाडील कफ सीरप की तस्करी करती थी।
अमित ने वाराणसी के सप्तसागर दवा मंडी स्थित अपनी फर्म जीएल सर्जिकल के माध्यम से कफ सीरप की एक लाख से अधिक शीशियां खरीदी थीं और इन्हें अन्य फर्मों के नाम पर फर्जी बिक्री दिखाकर ऊंचे दाम पर बेच दिया गया। अमित के खिलाफ पहले से दंगा, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोपों में केस दर्ज हैं।