Headlines
Loading...
वाराणसी:बम से उड़ाने की धमकी पर आज सुबह कचहरी परिसर में चला सघन चेकिंग अभियान...

वाराणसी:बम से उड़ाने की धमकी पर आज सुबह कचहरी परिसर में चला सघन चेकिंग अभियान...

वाराणसी, 16 फरवरी। दो दिन पहले जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आज सोमवार को कचहरी खुलते ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। दो दिन अवकाश के बाद आज कार्यदिवस पर पूरे न्यायालय परिसर में डाॅग स्क्वायड एवं बम डिस्पोजल दस्ते ने सघन छानबीन की गई।

धमकी के बाद कैंट क्षेत्र के एसीपी के नेतृत्व में थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में डॉग स्क्वॉड तथा बम निरोधक दस्ता ने परिसर की गहन तलाशी ली। न्यायालय परिसर के प्रवेश द्वारों से लेकर विभिन्न भवनों और पार्किंग क्षेत्र तक सुरक्षा एजेंसियों ने बारीकी से जांच की। 

पुलिस अधिकारियों ने परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। 

कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पूर्वाह्न 10:30 बजे से एसीपी कैंट के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वॉड की मौजूदगी रही।

दरअसल, गुरुवार देर रात लगभग 1:30 बजे जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और एहतियातन परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया था। इससे पहले एसटीएफ और एटीएस की टीमों ने भी न्यायालय परिसर में जांच-पड़ताल की थी। 

जिला जज संजीव शुक्ला ने सुरक्षा की दृष्टि से अधिवक्ताओं और अन्य संबंधित लोगों से परिसर खाली करने का अनुरोध किया था। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटा है और न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।