सिलेंडर ढोकर बेटे को स्टार बनाने वाले खानचंद सिंह का निधन, आज सुबह रिंकू सिंह के सिर से उठा पिता का साया, सुनकर सभी हुए स्तब्ध...
भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए सितारे और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह के लिए आज का दिन बेहद दुखद है। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वह स्टेज-4 के लीवर कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले कुछ दिनों से नोएडा के यथार्थ अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। रिंकू के पिता ने उस समय बेटे का साथ दिया जब घर में मुफलिसी का दौर था, लेकिन जब बेटे की सफलता का आनंद लेने का वक्त आया, तो नियति ने उन्हें छीन लिया।
कैंसर से लड़ रहे थे आखिरी जंग
खानचंद सिंह पिछले कई दिनों से अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती थे. उन्हें रिनल रिप्लेसमेंट थेरेपी और मैकेनिकल वेंटिलेटर पर रखा गया था. पिता की हालत बिगड़ने की खबर मिलते ही रिंकू सिंह को टी-20 मैच के बीच में ही चेन्नई से वापस लौटना पड़ा था. करीब तीन दिनों तक मौत से संघर्ष करने के बाद उन्होंने शुक्रवार को अंतिम सांस ली।
संघर्षों से भरा रहा जीवन: कंधों पर ढोए गैस सिलेंडर
रिंकू सिंह को 'स्टार' बनाने के पीछे उनके पिता का खून-पसीना शामिल था. खानचंद सिंह अलीगढ़ की एक गैस एजेंसी में हॉकर के रूप में काम करते थे. पांच बच्चों के परिवार को पालने के लिए वह दिन-भर कंधों पर भारी सिलेंडर ढोते थे. गरीबी का आलम यह था कि पूरा परिवार गैस एजेंसी द्वारा दिए गए दो कमरों के मकान में रहता था. रिंकू को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था, और पिता ने अपनी मेहनत की कमाई से रिंकू के लिए बैट और बॉल लाकर दिए ताकि बेटे के सपनों में कोई कमी न रहे।
सफलता के बाद भी नहीं बदला स्वभाव
रिंकू सिंह के कोच बताते हैं कि खानचंद सिंह बेहद मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे. जब रिंकू आईपीएल और भारतीय टीम में खेलकर मशहूर हो गए और घर में पैसा आ गया, तब भी उनके पिता के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया. उनमें रत्ती भर भी घमंड नहीं था और वे सभी से बहुत ही मिलनसार तरीके से मिलते थे. वे अपनी जड़ों से जुड़े रहे और अंतिम समय तक सादगी भरा जीवन जिया।
अधूरा रह गया बेटे की शादी देखने का सपना
खानचंद सिंह का एक आखिरी बड़ा सपना था कि वह जीते-जी अपने बेटे रिंकू के सिर पर सेहरा देखें. हाल ही में रिंकू सिंह की सगाई सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ हुई थी. सगाई के समय खानचंद सिंह बहुत खुश थे और शादी की तारीख तय होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. लेकिन शादी की शहनाइयां बजने से पहले ही यह दुखद खबर आ गई. सगाई के कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और वे अस्पताल पहुंच गए।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर संवेदनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. क्रिकेट जगत, फिल्मी हस्तियों और राजनीतिक गलियारों से लोग रिंकू और उनके परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं. रिंकू सिंह के करियर के हर मोड़ पर उनके पिता एक फौलादी छत की तरह खड़े रहे, और आज उस छत के छिन जाने से रिंकू और उनका परिवार गहरे सदमे में है।