Headlines
Loading...
शादी के सपने दिखाती फिर 'रेप केस' की धमकी देकर करती थी लाखों की ठगी, जयपुर में लड़कों को फंसाने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश...

शादी के सपने दिखाती फिर 'रेप केस' की धमकी देकर करती थी लाखों की ठगी, जयपुर में लड़कों को फंसाने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश...

राजस्थान में शादी के नाम पर भोले-भले कुंवारे लड़कों को ठगने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जयपुर सीआईडी (CID) क्राइम ब्रांच ने 2 साल से फरार चल रहे 10,000 हजार के इनामी आरोपी भंवरलाल शर्मा को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह न केवल राजस्थान बल्कि देश के 15 राज्यों में फैला हुआ था, जो गरीब लड़कियों को झांसा देकर लाता था और फिर लड़कों से लाखों की वसूली करता था।

कैसे चलता था ठगी का यह भंवरजाल?

दरअसल भंवरलाल शर्मा इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड था। इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिर था। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के वे युवक जिनकी शादियां नहीं हो पा रही थीं, उन्हें यह गिरोह अपना शिकार बनाता था।

लड़कियों की तस्करी- गिरोह उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड जैसे राज्यों से गरीब युवतियों को शादी या नौकरी का झांसा देकर राजस्थान लाता था। लाखों की सौदेबाजी: एक लड़की के बदले कुंवारे लड़कों से ढाई से तीन लाख रुपये तक वसूले जाते थे। कई मामलों में फर्जी लिव-इन एग्रीमेंट भी कराए जाते थे।

पैसे नहीं देने पर रेप केस की धमकी

अगर कोई युवक पैसे देने में आनाकानी करता या विरोध करता, तो गिरोह उसे बलात्कार (Rape) के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था। बदनामी के डर से ज्यादातर लोग चुपचाप पैसे दे देते थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी भंवरलाल पर साल 2005 से अपहरण, फिरौती, धोखाधड़ी और दुष्कर्म जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

सीआईडी की बड़ी कार्रवाई

एसपी जेष्ठा मैत्री के सुपरविजन में सीआईडी क्राइम ब्रांच ने तकनीकी निगरानी के आधार पर जयपुर के भाकरोटा इलाके में दबिश देकर मुख्य आरोपी को दबोचा। आरोपी को अब बालोतरा पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि इस पूछताछ में कई और बड़े खुलासे होंगे और गिरोह के अन्य सदस्य भी सलाखों के पीछे होंगे।