तलाक के बाद भी हमबिस्तर हुए !! चरित्र शंका में पूर्व पति ने दुपट्टे से गला घोंटा, बाइक से ले जाकर कुएं में फेंकी लाश, हुआ खुलासा...
मप्र राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पूर्व पति और उसके एक मित्र को गिरफ्तार किया है। घटना चरित्र शंका को लेकर हुई।दोनों का 6 महीने पहले तलाक हो गया था, लेकिन फिर से वे करीब हो गए थे।
अंजड़ थाना प्रभारी आरआर चौहान ने बताया कि 23 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरेश यादव के खेत में स्थित एक बड़े कुएं में एक अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मोनिका कोली के रूप में हुई।
शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से विवेचना शुरू की। मृतका के मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल्स खंगाले गए, जिसके आधार पर उसके पूर्व पति विशाल उर्फ राधिया किरालिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान विशाल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
छह महीने पहले तलाक हो चुका था
पुलिस के अनुसार, मोनिका और विशाल का करीब छह माह पहले तलाक हो चुका था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच फिर से संपर्क स्थापित हो गया था। विशाल को मोनिका के चरित्र पर संदेह था और वह इस बात को लेकर अक्सर उससे विवाद करता था।
मिले, हमबिस्तर हुए, फिर विवाद के बाद हत्या
घटना वाले दिन विशाल ने मोनिका को मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिसके बाद चरित्र शंका को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर विशाल ने मोनिका के ही दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने मित्र शंकर चौहान को बुलाया और दोनों ने मिलकर शव को मोटरसाइकिल पर रख कर खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें।
आरोपियों को जेल भेज दिया गया
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।