Headlines
Loading...
दिनदहाड़े सराफा दुकान में घुसा बदमाश, पिस्टल तानकर बोला- इधर आइए...,CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस कर रही है जाँच...

दिनदहाड़े सराफा दुकान में घुसा बदमाश, पिस्टल तानकर बोला- इधर आइए...,CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस कर रही है जाँच...

यूपी के देवरिया जिले में एक सराफा दुकानदार को असलहा लगाकर नकाबपोश बदमाश ने लूट का प्रयास किया। हालांकि दुकानदार के सतर्क होने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच की। साथ ही फुटेज भी खंगाला। पुलिस जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है। वहीं, इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ये मामला सलेमपुर उपनगर के किशोरगंज वार्ड का है। यहां रहने वाले ध्रुव कुमार वर्मा की संत तुलसी मार्ग पर परिवार के साथ रहते हैं। साथ ही मकान में ही सराफा की दुकान चलाते हैं। दुकानदार का आरोप है कि 20 फरवरी सुबह 11 बजे एक बाइक पर तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। उसमें से एक बाइक से उतर कर दुकान में घुस गया और असलहा लगा दिया। अचानक बदमाश को देख दुकानदार घबरा गया और जान बचाने को तिजोरी वाले कमरे में भाग कर छुप गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। बाहर निकल कर ध्रुव ने शोर किया तो आसपास के लोग भी पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई और जांच की। पुलिस ने सीसी फुटेज भी खंगाला।

बदमाशों को पकड़ने में जुटी एसओजी और सर्विलांस टीम

दिनदहाड़े सराफा दुकानदार को असलहा दिखाकर आभूषण लूटने के हुए प्रयास के मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। हालांकि बदमाश के नकाब पहने होने के चलते पुलिस को बदमाश की पहचान करने में सफलता नहीं मिल पा रही है। उधर सराफा समाज के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और अपना आक्रोश जताया। साथ ही जल्द ही इस घटना के पर्दाफाश की मांग की।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें बदमाश पिस्टल लेकर सराफा दुकान में घुस रहा है। लेकिन दुकानदार ने उसे देख लिया। धीरे से काउंटर से सटे सेफ रूम में छुप गया। वहीं, बदमाश भी काउंटर की तरफ आ गया और पिस्टल तानकर बोला, कहां उधर जा रहे हैं... दुकानदर अंदर से ही बोला,आ तो रहे हैं..बदमाश ने कहा, इधर...इधर आइए..दुकान मालिक ने कहा, बोलो भी जी! रुको आ रहा हूं, रुको। गेट लगाओ...। इतने पर बदमाश वहां से चला जाता है।

सराफा कारोबारियों ने की बदमाश की गिरफ्तारी की मांग

सराफा समाज से जुड़े विशाल वर्मा, अंकुर वर्मा, सोनू वर्म, आशीष वर्मा, भोला वर्मा, अंकुर वर्मा,राजन वर्मा, दीपक, अशोक, जयगोपाल, ओमकार, उदय, राजा व अशोक वर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और बदमाश की गिरफ्तारी व केस दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस ने केस दर्ज कर जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लेने का आश्वासन दिया। पुलिस इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है। घटना के पर्दाफाश को एसओजी, सर्विलांस समेत अन्य टीमें भी लगाई गई हैं। 

पुलिस सूत्रों का कहना है कि नकाब होने के चलते बदमाश की पहचान नहीं हो पाई है। हुलिया से बदमाशों को पहचाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर ली जाएगी। कोतवाली प्रभारी महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बदमाशों ने की थी रेकी

घटना को अंजाम देने पहुंचे बदमाश पहले ही रेकी किए थे। बताया जा रहा है। बुधवार की शाम तीनों एक चाय की दुकान पर नजर आए थे। लोगों का कहना है कि बदमाशों ने पहले रेकी की थी, फिर घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। अगर दुकानदार छिपता नहीं तो बड़ी घटना भी हो सकती थी।