ENG vs NZ:न्यूजीलैंड की मुट्ठी में है पाकिस्तान का भाग्य, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कुदरत का निजाम भी नहीं आएगा काम...
स्पोर्ट्स डेस्क, लखनऊ। टी20 विश्व कप 2026 में शुक्रवार को पाकिस्तान का भाग्य तय करने वाला मुकाबला होगा। सुपर-8 के इस मैच में इंग्लैंड की टक्कर न्यूजीलैंड से होगी। सुपर-8 का यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
कीवी टीम की हार और रन रेट अहम
पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में जा पाएगी या नहीं यह पूरी तरह न्यूजीलैंड की हार पर निर्भर करता है। अगर कीवी टीम ने इस मैच को जीत लिया तो कुदरत का निजाम भी पाकिस्तान के काम नहीं आएगा। जीत के साथ कीवी टीम सेमीफाइनल में जगह बना लेगी।
इंग्लैंड सेमीफाइनल में
टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 के दूसरे ग्रुप की बात करें तो इंग्लैंड टीम सेमीफाइनल का टिकट कटा चुकी है। इंग्लैंड ने 2 मैच खेले और दोनों में जीत दर्ज की है। टीम ने श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया और उनके 4 अंक हैं। वहीं, सुपर-8 में लगातार 2 हार के बाद श्रीलंका टीम बाहर हो चुकी है।
ऐसे में अब इस ग्रुप से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड में से कोई एक टीम सेमीफाइनल में जा सकती है। अगर गुरुवार को होने वाले मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हरा दिया तो 6 अंक होंगे। वहीं न्यूजीलैंड 3 प्वॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी। पाकिस्तान अपने आखिरी सुपर-8 मैच में शनिवार को श्रीलंका से भिड़ेगा।
पाकिस्तान को हर हाल में जीतना होगा आखिरी मैच
अगर पाकिस्तान इस मैच को बड़े अंतर से जीतता है तो उसके बाद 3 अंक हो जाएंगे। अगर पाकिस्तान का नेट रन रेट कीवी टीम से बेहतर हुआ तो सलमान अली आगा की टीम सेमीफाइनल खेलेगी। अगर पाकिस्तान का नेट रन रेट न्यूजीलैंड से कम रहा तो भी उनका सेमीफाइनल खेलने का सपना टूट जाएगा।
सुपर-8 में पाकिस्तान के सफर की बात करें तो उनका पहला मैच न्यूजीलैंड से हुआ था। यह मैच बारिश के कारण रद हो गया था। ऐसे में दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया था। इसके बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं।