IND U19 vs ENG U19: छक्कों की बारिश कर वैभव सूर्यवंशी ने जमाया शतक, बरसा दिए रिकॉर्ड; ऐसा करने वाले बने तीसरे बल्लेबाज...
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार शतक जमाया है। ये उनका इस टूर्नामेंट का पहला शतक है। इस पारी के दौरान उन्होंने छक्कों की बारिश कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
इस मैच में उन्होंने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 55 गेंदों का सामना किया और आठ चौकों के अलावा आठ छक्के मारे। इसी के साथ वह इस संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल 20 से ज्यादा से छक्के मारे हैं।
ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने
इसी के साथ वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में शतक जमाने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ये काम उन्मुक्त चंद ने साल 2012 में और मनजोत कालरा ने साल 2018 में किया था। वैभव ने अपने 50 रन 32 गेंदों पर पूरे किए थे, लेकिन अगले 50 रन उन्होंने 23 गेंदों पर पूरे किए।
वैभव का ये शतक टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे तेज शतक है। पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के विल मालाजुक हैं जिन्होंने इसी संस्करण में जापान के खिलाफ 41 गेंदों पर शतक जमाया था। वहीं ओवरऑल देखा जाए तो ये अंडर-19 इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है। पहले नंबर पर पाकिस्तान के समीर मिन्हास हैं जिन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 42 गेंदों पर सेंचुरी ठोकी थी। उनके बाद विल और फिर वैभव का नंबर है।
लग रहा था कि वैभव आसानी से दोहरा शतक जमाएंगे, लेकिन वह 175 रनों पर आउट हो गए। लम्सडेन की गेंद पर विकेटकीपर रियू ने उनका कैच लपका। वैभव ने 80 गेंदों पर 15 चौके और 15 छक्के मारे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 218.75 का रहा।
विजय जोल को छोड़ी पीछे
इस पारी के दौरान वैभव ने विजय जोल को भी पीछे कर दिया है। विजय के नाम भारत के लिए यूथ अंडर-19 वनडे में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड था। उन्होंने 25 मैचों में 1404 रन बनाए थे। वैभव ने इस रिकॉर्ड को पार कर दिया है। इसी के साथ वह मौजूदा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के बेन मायेस को पीछे छोड़ा है जिन्होंने 399 रन बनाए थे। अब वैभव उनसे आगे निकल गए हैं। बेन के पास इसी मैच में वैभव को पीछे छोड़ने का मौका है।