IND vs NZ सीरीज के बाद, 35 साल के इस खिलाड़ी को मिला "प्लेयर ऑफ द सीरीज" का अवॉर्ड... जानें कौन है वो?
एजेंसी खेल डेस्क। T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया बुलंद हौसलों के साथ खेलने उतरेगी। सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी ने न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज में 4-1 से शिकस्त देकर अपनी प्रचंड फॉर्म को दर्शाया। ईशान किशन के तूफानी शतक के बाद अर्शदीप सिंह गेंद के साथ न्यूजीलैंड पर कहर बनकर टूटे, जिससे भारत ने पांचवें टी20 में बड़ी जीत की। ईशान किशन ने पहला टी20 इंटरनेशनल शतक बनाया। 103 रन की मैच विनिंग पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, प्लेयर ऑफ द सीरीज बने कप्तान सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने 5 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाए।
कौन बना प्लेयर ऑफ द सीरीज?
इस सीरीज से पहले सूर्यकुमार यादव की फॉर्म को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे, खासकर टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए। हालांकि, सूर्या न सिर्फ फॉर्म में लौटे, बल्कि उन्होंने रनों का अंबार लगाते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी जीत लिया। भारतीय कप्तान ने 5 मुकाबलों में तीन बार 50 रन का आंकड़ा पार किया। जिसमें दो बार उन्होंने नाबाद अर्धशतक बनाए। उनके बल्ले से कुल 242 रन निकले, जिसमें 25 चौके और 14 छक्के भी शामिल रहे। सीरीज में उनके स्कोर 32. 82*, 57*, 8, 63 रहे। सूर्या से यही प्रचंड फॉर्म टी20 वर्ल्ड कप में भी देखने को उम्मीद होगी।
सूर्या ने बनाया ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
पांचवें टी20 मैच में सूर्या के बल्ले से 30 गेंदों में ताबड़तोड़ अंदाज में 63 रन निकले। उन्होंने 210 के स्ट्राइक रेट से कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं। छह छक्के और चार चौके वाली अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड पर कब्जा जमा लिया।
सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 1822 गेंदों में 3000 रन पूरे किए। पहले यह रिकॉर्ड यूएई की मुहम्मद वसीम के नाम था, जिन्होंने 1947 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। सूर्यकुमार यादव भारत के लिए इस फॉर्मेट में 3000 रन बनाने वाले रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद तीसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं।
ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड
ईशान किशन को उनकी तूफानी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 43 गेंदों में 103 रन की आतिशी पारी खेलकर भारत को 271 रन के पहाड़ स्कोर तक पहुंचाने में सबसे बड़ा रोल निभाया। ईशान किशन की पारी में 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।
दो साल के लंबे इंतजार के बाद इस सीरीज से ईशान किशन टीम इंडिया में लौटे ईशान किशन ने धमाकेदार वापसी की है। उन्होंने 4 मैचों में 215 रन बनाए। आखिरी टी20 में शतक जड़ने के साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप की प्लेइंग-11 में भी जगह पक्की कर ली, क्योंकि संजू सैमसन का बल्ला इस मैच भी नहीं चला। सैमसन के लगातार फ्लॉप शो के बाद ईशान अब विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में पहली पसंद माने जा रहे हैं। ईशान टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं।