IND vs PAK मैच से पहले पाकिस्तानी खेमे में 'डर का माहौल', डगआउट में निकल आया सांप, भारत आज जीत का % 8-1 बनाना चाहेगा...
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में इंडिया और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का लीग मैच खेला जाना है। इस मैच के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। शनिवार को पहले पाकिस्तान और फिर भारतीय टीम प्रैक्टिस के लिए उतरी, लेकिन इस बीच स्टेडियम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के डगआउट में एक सांप निकल आया।
हालांकि, एक शख्स ने उस सांप को पकड़ा और उसे एक पैकेट में बंद करके स्टेडियम के बाहर करा दिया गया। इंडिया और पाकिस्तान के बीच आज यानी रविवार 15 फरवरी को मैच होना है।
जैसे ही ग्राउंड स्टाफ और अधिकारियों को डगआउट के पास सांप मिलने की जानकारी मिली तो उन्होंने सांप को सुरक्षित रूप से बचाने के लिए तेजी से काम किया, ताकि रविवार की ब्लॉकबस्टर मैच की तैयारी बिना किसी और ड्रामे के हो सके। पहले से ही इस मैच को लेकर बहुत चर्चा हो चुकी है। एक समय तक तो ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान की टीम इस मैच में खेलेगी ही नहीं। ये मैच किसी न किसी वजह से चर्चा बटोरने में सफल हो रहा है।
पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ जिस डगआउट में मैच के दौरान बैठने वाली है। उसी डगआउट के पास में ये सांप निकला है, जिससे पाकिस्तान के खिलाड़ियों में डर जरूर पैदा हो गया होगा।
हालांकि, स्टेडियम में सांप निकलना कोई नई बात नहीं है। अक्सर मैदान पर इस तरह की घटनाएं डोमेस्टिक और इंटरनेशनल मैच के दौरान देखने को मिल जाती हैं। कई बार जानवर तो कई बार कीड़े-मकौड़ों के कारण मैच में बाधा पड़ जाती है।
इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच में बारिश भी बाधा बन सकती है। मौसम विभाग की रिपोर्ट की मानें तो शाम को 6 बजे के आसपास बारिश शुरू हो सकती है। मुकाबला सात बजे से शुरू होना है, जबकि टॉस शाम को साढ़े 6 बजे होगा।
श्रीलंका और भारत का टाइम एक ही है तो इसमें कोई भी फेरबदल नहीं होगा। पाकिस्तान और भारत के बीच ये मुकाबला फैंस के लिए आन,मान और शान की लड़ाई होता है। ऐसे में फैंस चाहेंगे कि कम से कम मुकाबला खेला जाए और ये मैच कांटे का हो।
टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के इतिहास में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। इन 8 मैचों में से सिर्फ एक बार ही पाकिस्तान को जीत मिली है। भारत के पक्ष में ये रिकॉर्ड 7-1 का है। क्या कोलंबो में भारत इसे 8-1 पर पहुंचाएगा या फिर पाकिस्तान की टीम 7-2 का स्कोरलाइन इस मैच के बाद रख पाएगी? ये देखने वाली बात होगी।