IND vs WI: कल के मैच में बारिश हुई तो बाहर होगा भारत! वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में इंद्रदेव की मेहरबानी जरूरी?, भारत को जीतना होगा...
IND vs WI Super 8 T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-1 का समीकरण अब अपने सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार, 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला महज एक मैच नहीं, बल्कि एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है। इस मैच का परिणाम तय करेगा कि दक्षिण अफ्रीका के साथ ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी।
मैच के दौरान ऐसा रहेगा मौसम (IND vs WI Super 8 T20 World Cup 2026)
विभिन्न मौसम विज्ञान वेबसाइटों के अनुसार, रविवार को कोलकाता का आसमान पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। राहत की बात यह है कि मैच के दौरान बारिश की 0% संभावना जताई गई है। शाम 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है, जिससे दर्शकों को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 34°C रहेगा, जो मैच शुरू होने तक गिरकर 25-26°C के सुखद स्तर पर आ जाएगा।
इस मैच में टॉस होगा बेहद अहम
हालांकि, हवा में 70% से अधिक ह्यूमिडिटी होने के कारण मैदान पर भारी ओस गिरने की संभावना है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी, क्योंकि गीली गेंद से दूसरी पारी में गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ग्रुप-1 की अंक तालिका ने इस मैच को 'करो या मरो' की स्थिति में ला खड़ा किया है। दक्षिण अफ्रीका पहले ही क्वालीफाई कर चुका है, और अब भारत और वेस्टइंडीज दोनों के पास 2-2 अंक हैं।
बारिश होने से वेस्टइंडीज को होगा फायदा
जो भी टीम मैच जीतेगी, वह सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। भले ही पूर्वानुमान में बारिश नहीं है, लेकिन भारतीय टीम आसमान की ओर टकटकी लगाए रहेगी। इसका कारण नेट रन रेट (NRR) का बड़ा अंतर है। यदि किसी अप्रत्याशित कारण से मैच बारिश की भेंट चढ़ जाता है और रद्द होता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। ऐसी स्थिति में दोनों के 3-3 अंक हो जाएंगे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।