Headlines
Loading...
India Super 8 Matches Schedule T20 World Cup 2026: सुपर 8 में भारत का मैच कब और किससे हैं, जानिए पूरा कार्यक्रम...

India Super 8 Matches Schedule T20 World Cup 2026: सुपर 8 में भारत का मैच कब और किससे हैं, जानिए पूरा कार्यक्रम...

India Super 8 Matches 2026 T20 World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक टी20 विश्व कप 2026 में एक भी मैच नहीं गंवाया है और विजय रथ पर सवार होते हुए जीत की हैट्रिक लगाकर उसने सुपर-8 राउंड में जगह पक्की कर ली है। अब ग्रुप चरण में भारत का चौथा व अंतिम मैच बाकी है। सूर्यकुमार यादव  के नेतृत्व में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में होने वाले आखिरी मैच के बाद सुपर-8 राउंड की चुनौती का सामना करने उतरेगी, जहां उसका मुकाबला तीन टीमों से होने वाला है। आखिर कैसा है भारत का टी20 विश्व कप में सुपर 8 का पूरा कार्यक्रम।

टूर्नामेंट में अब तक टीम इंडिया का सफरः टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक ग्रुप स्टेज के तीन मैच खेले हैं। पहला मुकाबला यूएसए के खिलाफ हुआ था जहां भारतीय टीम ने 29 रनों से मैच जीतते हुए विश्व कप का आगाज किया। फिर दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ दिल्ली में हुआ। उस मैच में टीम इंडिया ने 93 रनों से जीत हासिल की। इसके बाद, तीसरा मुकाबला कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ हुआ और इस चर्चित मैच में पाकिस्तान को 61 रन से पस्त करते हुए भारत ने जीत की हैट्रिक पूरी की।

अब अगला मैच कब और किससे

भारत का अगला मैच अब उनका ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला होगा। इस मैच में टीम इंडिया का सामना नीदरलैंड क्रिकेट टीम से होने वाला है। डच टीम के खिलाफ भारतीय टीम की भिड़ंत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रही है। ये मैच 18 फरवरी 2026 (बुधवार) को शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया जीत दर्ज करके सुपर-8 राउंड खेलने से पहले अपराजित रहने का प्रयास करेगी।

टी20 विश्व कप के सुपर-8 राउंड में भारत का पहला मैच किस टीम से होगा?

भारतीय क्रिकेट टीम सुपर 8 राउंड में अपना पहला मैच टी20 विश्व कप 2026 की सबसे मजबूत टीमों में से एक, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलने उतरेगी।

कब होगा भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सुपर-8 मैच? (IND vs SA Super 8 Match Date)

भारतीय टीम और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण का पहला मुकाबला 22 फरवरी (रविवार) को खेला जाएगा।

कहां और किस समय होगा भारत-दक्षिण अफ्रीका सुपर-8 मैच? 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले रोमांचक सुपर 8 मैच का आयोजन दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। ये मैच 22 फरवरी को शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा।

भारत का सुपर 8 चरण में दूसरा मैच किस टीम के खिलाफ होगा? 

टी20 विश्व कप सुपर-8 चरण में भारत अपना दूसरा मैच किस टीम के खिलाफ खेलेगा, इसका फैसला 17 फरवरी को हो गया। जब जिम्बाब्वे और आयरलैंड का मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। ऐसे में जिम्बाब्वे पांच अंक के साथ सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर गया और ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप स्टेज में समाप्त हो गया। भारत का दूसरा सुपर-8 मैच जिम्बाब्वे से होगा।

टी20 विश्व कप 2026 में कब और कहां होगा भारत का दूसरा सुपर-8 मैच? 

टीम इंडिया सुपर-8 राउंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैदान पर होगी, इसका फैसला हो गया है, मैदान और तारीख भी तय है। ये मैच 25 फरवरी (बुधवार) को श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत का सुपर 8 राउंड में तीसरा व अंतिम मैच किस टीम के खिलाफ होगा? 

भारतीय क्रिकेट टीम का सुपर-8 राउंड में तीसरा व अंतिम मुकाबला दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से होगा।

भारत और वेस्टइंडीज का टी20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 राउंड का मैच कब होगा? 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 राउंड का मैच 1 मार्च 2026 (रविवार) को कोलकाता के ईडेन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा।

कैसा है टी20 विश्व कप का सुपर-8 फॉर्मेट, सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम? 

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में चार-चार टीमों के दो ग्रुप होंगे। अपने टीम ग्रुप की अन्य सभी टीमों के खिलाफ एक-एक बार खेलेगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचेंगी, जिसमें दो सेमीफाइनल होंगे, जिनके विजेता फाइनल में आमने-सामने होंगे। किसी भी चरण के बीच कोई अंक नहीं जोड़े जाएंगे।

कौन-कौन है खिताब का सबसे प्रबल दावेदार?

टी20 विश्व कप 2026 में खिताब की प्रबल दावेदार टीमों में इस समय भारत सबसे ऊपर नजर आ रहा है, जबकि दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका की टीम है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इत्तेफाक की बात है कि ये दोनों ही टीमें सुपर-8 में अपना पहला मैच एक दूसरे के खिलाफ खेलने वाली हैं। इनके अलावा, इंग्लैंड की टीम भी मजबूत होती दिख रही है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड अगर सुपर-8 में पहुंचते हैं तो ये भी दावेदारी में रहेंगे। सबसे चौंकाने वाली दो टीमें हो सकती हैं, वेस्टइंडीज और सह-मेजाबन श्रीलंका जिसने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 में जगह पक्की की है।

पिछले विश्व कप में टीम इंडिया अपराजित रहते हुए रोहित शर्मा की अगुवाई में टी20 वर्ल्ड कप जीतने में सफल रही थी। अगर भारत इस बार भी यही करिश्मा दोहराती है तो ऐसा करने वाली पहली टीम बनेगी। यही नहीं, भारत अगर खिताब जीतता है तो वो पहली टीम बनेगी जिसने टी20 विश्व कप इतिहास में तीन खिताब जीते हैं, फिलहाल वो 2 खिताबों के साथ वेस्टइंडीज के साथ बराबरी पर है। इसके अलावा आज तक किसी मेजबान देश ने टी20 विश्व कप का खिताब नहीं जीता है।