बाकी टीमें तो कोसों दूर हैं...Team India बनाने जा रही है वो वर्ल्ड रिकॉर्ड जो क्रिकेट इतिहास में 'अमर' हो जाएगा...
Most Time 200 Plus Totals in T20I: टी20 इंटरनेशनल में फिलहाल अगर कोई टीम सबसे घातक है तो वो भारतीय टीम है. ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं. टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया को 93 रनों से मात देकर लगातार दूसरी जीत हासिल की.यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में टीम इंडिया की रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत साबित हुई, जिसके दम पर मेन इन ब्लू उस वर्ल्ड रिकॉर्ड की तरफ एक कदम और बढ़ चुकी है, जो सबसे अनोखा, अद्भुत और बड़ा कीर्तिमान है. टीम इंडिया इसी विश्व कप में यह खास वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकती है।
अब सवाल ये है कि आखिर किस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात हो रही है? यह रिकॉर्ड टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे ज्यादा टोटल बनाने का है. टीम इंडिया इस मामले में अपना अर्धशतक पूरा करने से सिर्फ 3 कदम दूर है. मतलब अगर वो अगले तीन मैचों में 200 प्लस का टोटल बना देती है तो इतिहास रचा जाएगा. भारत दुनिया की पहली ऐसी टीम बन जाएगी जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर कर लेगी. यह वो प्रचंड रिकॉर्ड है, जो सालों तक अमर रहेगा, क्योंकि इस रेस में दूसरी टीमें भारत से कोसों दूर हैं।
क्यों खास है 200 प्लस का स्कोर?
टी20 क्रिकेट का सबसे तेज फॉर्मेट है. इसमें 120 बॉल होती हैं. यही वजह है कि 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाना हमेशा खास और बड़ी बात माना जाता है. यह कमाल लगातार और हर मैच में नहीं होता. इसके लिए घातक बल्लेबाजी करनी होती है, जो टीम इंडिया पिछले कुछ सालों से कर रही है. टीम इंडिया ने पिछले कुछ सालों में लगातार इस काम को किया है।
टीम इंडिया में विस्फोटक बल्लेबाजों की भरमार
टीम इंडिया ने अब तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 या उससे ज्यादा रन 47 बार बनाए हैं. यह आंकड़ा अपने आप में बताता है कि भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप कितनी विस्फोटक और संतुलित रही है. पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली ने कई विस्फोटक पारियां खेलीं. फिर सूर्यकुमार यादव ने अपनी बल्लेबाजी से नई परिभाषा दुनिया को बताई. इसके बाद अब मौजूदा टीम में हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा जैसे खूंखार बल्लेबाज छक्कों की बारिश कर रहे हैं और टीम को कई बार 200 पार पहुंचाने में अहम रोल अदा किया है. खास बात यह है कि ये रन सिर्फ कमजोर टीमों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि मजबूत विरोधियों के खिलाफ भी आए हैं।
बाकी टीमें कोसों दूर
इस लिस्ट में भारत के बाद नंबर 2 पर दक्षिण अफ्रीका की टीम है, जिसने टी20 इंटरनेशनल इतिहास में 29 बार 200+ स्कोर बनाया है. नंबर तीन पर न्यूजीलैंड है, जिसने 28 बार यह कमाल किया. ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने 25-25 बार के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर जगह बनाई है. टीम इंडिया 47 बार यह कमाल इसलिए कर पाई है, क्योंकि उसकी बल्लेबाजी में गहराई दिखती है. टी20 विश्व कप 2026 में नंबर 8 पर अक्षर पटेल खेलते हैं, जो बताता है कि यह टीम बैटिंग के लिहाज से कितनी घातक है।