U19 विश्वकप फाइनल में वैभव के तूफानी शतक (175) रन से परिवार हुआ गदगद, समस्तीपुर में समय से पहले आई होली,CM नीतीश भी खुश...
अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से बवाल काट दिया। मात्र 80 गेंदों में 174 रनों की मैराथन पारी खेलने वाले वैभव की विस्फोटक शुरुआत की बदौलत टीम इंडिया ने प्रतिद्वंदी इंग्लैंड को 412 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। वैभव के तूफानी पारी की चर्चा उनके गृह नगर समस्तीपुर में भी है। परिवार खुशी से फूला नहीं समा रहा है तो वहीं बच्चों को इस ऐतिहासिक पारी के जश्न के बीच मिठाई भी बांटी गई।
80 गेंदों में ठोक दिए 175
जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है.इस महामुकाबले की खास बात यह है कि टूर्नामेंट में अब तक दोनों ही टीमें एक भी मैच नहीं हारी हैं और खिताब जीतने के इरादे से पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरी हैं। समस्तीपुर के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने महज 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसके बाद भी रुकने का नाम नहीं लिया.उन्होंने 80 गेंदों में 15 चौके और 15 छक्कों की मदद से शानदार 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।
बिहार सीएम नीतीश कुमार भी हुए गदगद
वैभव की इस खास पारी पर बिहार के मुखिया नीतीश कुमार भी खूब खुश हैं। वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक पर नीतीश कुमार ने लिखा कि.....
आज अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है।वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।