हाईवे पर लिखी 'ये सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है', अरेस्ट होने पर युवती ने भरी हुंकार- '10 बार जेल जाने को है तैयार'...
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इन तीनों पर आरोप है कि इन्होंने हाईवे के किनारे आपत्तिजनक और विवादित नारे लिखे थे, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती थी।
हाईवे पर स्प्रे पेंट से लिख डाले विवादित नारे
यह पूरी घटना 26 फरवरी की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे (NH-72A) पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने सड़क किनारे बने सीमेंटेड ब्लॉक और बस शेड पर स्प्रे पेंट का इस्तेमाल किया और बड़े-बड़े अक्षरों में लिख दिया कि "यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है"। जैसे ही इन नारों की तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, सहारनपुर पुलिस एक्टिव हो गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
'सनातन के लिए 10 बार जेल भी मंजूर'
पुलिस ने जब घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया, तो उनमें से एक युवती के तेवर काफी तीखे नजर आए। गिरफ्तारी के बाद युवती ने पुलिस और मीडिया के सामने साफ कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। उसने पूरे हौसले के साथ बयान दिया कि वह "सनातन धर्म के लिए 10 बार भी जेल जाने को तैयार है।" युवती का यह बयान अब चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस फिलहाल तीनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कृत्य के पीछे उनका असल मकसद क्या था और क्या इसमें कोई और भी शामिल है।