आज दोपहर प्रयागराज में पूर्व मंत्री के कोल्डस्टोर में अमोनिया टैंक फटा, छत गिरने से 15 मजदूर दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी...
"केसरी न्यूज 24" संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में मलाक हरहर के पास लखनऊ रोड पर चंदापुर गांव के सामने स्थित सपा के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोर में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अमोनिया गैस से भरे टैंक के फटने से कोल्ड स्टोरेज की छत गिर गई। इसमें 15 से अधिक मजदूर दब गए।
खबर पाकर फायर कर्मियों समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि अमोनिया गैस के रिसाव के कारण कोई कोल्ड स्टोर के भीतर दाखिल नहीं हो पा रहा है। दबे मलवे से दो लोगों को बाहर निकाला गया, जिन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस के जरिए भेजा गया।
पूर्व मंत्री अंसार अहमद का चांदपुर गांव के सामने आदर्श कोल्ड स्टोर है। सोमवार दोपहर कोल्ड स्टोर में आलू रखी जा रही थी। इसी बीच अचानक अमोनिया गैस से भरे टैंक में तेज विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि कोल्ड स्टोर की छत गिर गई। वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
खबर पाकर पुलिस प्रशासन के अधिकारी और फायर कर्मी मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे मजदूर बिहार के सहरसा के रहने वाले बताए जाते हैं। अमोनिया गैस के रिसाव के कारण फायर कर्मी रेस्क्यू भी नहीं शुरू कर पा रहे हैं।