Headlines
Loading...
होर्मुज में फंसे भारत के 24 जहाज, ईरान ने तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर किया हमला, एक भारतीय की गई जान...

होर्मुज में फंसे भारत के 24 जहाज, ईरान ने तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर किया हमला, एक भारतीय की गई जान...

तेहरान/नईदिल्ली। ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच खाड़ी क्षेत्र में समुद्री हमले तेज हो गए हैं। ईरान लगातार जहाजों को निशाना बना रहा है। इराक के पास समुद्री क्षेत्र में अमेरिकी कंपनी के स्वामित्व वाले ऑयल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत का दावा सामने आया है।

मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला विस्फोटकों से भरी 'सुसाइड बोट' से किया गया, जिसने टैंकर को निशाना बनाया। यानी एक नाव पर बम लादकर उसे जहाज की तरफ भेजा गया और टकराते ही उसमें धमाका हो गया। भारत के अभी भी 24 जहाज होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं।

पहले भी जहाजों पर हुए हमले

इससे पहले अमेरिका-ईरान युद्ध में 1 और 2 मार्च को ओमान के तट के पास ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों में दो व्यापारिक जहाज MV MKD व्योम और MV स्काईलाइट को निशाना बनाया गया था। इन हमलों में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी। दो स्काईलाइट जहाज पर और एक व्योम पर। इन हमलों में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे और एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई थी।

सऊदी अरब में भी हमला

7 मार्च को सऊदी अरब के अल खर्ज इलाके में प्रोजेक्टाइल हमले की खबर आई थी, जिसमें शुरू में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने की आशंका जताई गई थी। बाद में रिपोर्ट स्पष्ट हुई कि इस घटना में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई, हालांकि एक भारतीय नागरिक घायल हुआ था।

होर्मुज में भारत के कितने जहाज फंसे?

भारत सरकार के मुताबिक इस समय फारस की खाड़ी क्षेत्र में भारतीय झंडे वाले कुल 28 जहाज संचालित हो रहे हैं। इनमें से 24 जहाज होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में हैं, जिन पर 677 भारतीय नाविक सवार हैं। वहीं 4 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में हैं, जिन पर 101 भारतीय नाविक मौजूद हैं, सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

खाड़ी में कितने भारतीय रहते हैं?

खाड़ी के देशों जैसे संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और कुवैत में करीब 90 लाख से 1 करोड़ भारतीय रहते और काम करते हैं। मौजूदा युद्ध के दौरान ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और तेल के कुओं को निशाना बनाते हुए 1,000 से ज्यादा ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। 

भारत सरकार ने खाड़ी क्षेत्र में रह रहे भारतीयों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस संकट के बीच संवाद और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।