मैं शिव तुम पार्वती..स्वयंभू गुरु 3साल तक करता रहा झांसे में लेकर एक महिला से रेप...
महाराष्ट्र के वसई के एक स्वयंभू धर्मगुरु के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी 'आमची वसई' नाम की संस्था चलाता है और खुद को धर्मगुरु बताता है। आरोप है कि उसने धर्म के नाम पर पुणे की एक महिला को झूठा भरोसा दिलाया और नशे की हालत में उसके साथ रेप किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को भगवान शिव का अवतार और महिला को पार्वती बताकर इस वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं रेप के बाद उसने महिला की प्राइवेट तस्वीरें भी ले लीं और बाद में उसे ब्लैकमेल करके कई सालों तक रेप करता रहा। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला
पीड़ित महिला पुणे की रहने वाली है. उसकी पहचान आरोपी ऋषिकेश वैद्य से साल 2023 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी. आरोपी ने महिला की धार्मिक प्रवृत्ति का फायदा उठाते हुए उसे अध्यात्म सिखाने के बहाने अपने जाल में फंसाया. फिर दिसंबर 2023 में आरोपी महिला से मिलने पुणे पहुंचा।
वहां पहुंचने के बाद उसने महिला गुमराह करने के लिए कहा..मैं शिव का अवतार हूं, तुम मेरी पार्वती हो.इसके बाद वह उसे पुणे के मांजरी स्थित एक लॉज में ले गया. वहां उसने महिला को नशीला पदार्थ दे दिया, जब महिला बेहोश हो गई,तो आरोपी ने नशे की हालात में उसका रेप किया।
तस्वीरों से ब्लैकमेल का आरोप
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि रेप के दौरान आरोपी ऋषिकेश वैद्य ने उसकी कुछ प्राइवेट तस्वीरें खींच ली थीं. इन्हीं तस्वीरों के जरिये वह महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, उसे बार-बार मिलने के लिए मजबूर किया. मई 2025 में आरोपी ने उसे वसई के एक बड़े होटल में मिलने के लिए बुलाया और वहां फिर से उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की.आरोपी के बढ़ते उत्पीड़न से महिला मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी।
आवाज उठाने का लिया फैसला
महिला यह बात अपने पति से बताना चाह रही थी,लेकिन डर की वजह से वह किसी से भी नहीं कह पा रही थी. लेकिन हाल ही में नासिक के ढोंगी ज्योतिषी अशोक खरात मामले के सामने आने के बाद महिला ने आवाज उठाने का फैसला किया. फिर पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपने पति को बताई.इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का फैसला किया।
मामला पुणे ट्रांसफर, पुलिस जांच जारी
पीड़िता और उसके पति ने बुधवार शाम वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. माणिकपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हीरालाल जाधव ने बताया कि चूंकि बलात्कार की पहली घटना पुणे में हुई थी, इसलिए इस मामले को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए पुणे के मांजरी पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया है।
अपनी शिकायत में पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी ने धर्मगुरु होने का ढोंग कर कई अन्य लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण किया होगा। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।