काशी में हिंदी का तीर्थ कही जाने वाली नागरी प्रचारिणी सभा अब अत्याधुनिक तकनीकों से सजेगी, पर्यटन विभाग ने 5.50 करोड़ ₹ दिए...
केसरी न्यूज 24 ब्यूरो, वाराणसी 13 मार्च। काशी में हिंदी का तीर्थ कही जाने वाली नागरी प्रचारिणी सभा अत्याधुनिक तकनीकों से सजेगी। धरोहर की श्रेणी में आने वाली प्राचीन इमारत से सभा परिसर के अन्य हिस्सों तक में जल्द बदलाव दिखेगा। पर्यटन विभाग की पहल पर राज्य सरकार ने नागरी प्रचारिणी सभा के लिए पांच करोड़ 50 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
इससे सभा के प्राचीन भवन को उसके मूल रूप-रंग में संरक्षित किया जाएगा। मुख्य भवन के मुख्य हॉल को ऐसे विकसित किया जाएगा कि सामान्यत: इसका उपयोग वाचनालय के रूप में होता रहे और दिन विशेष पर यह आधुनिक सुविधायुक्त सभागार बन जाए। यहां ऑडियो-विजुवल गैलरी भी बनाई जाएगी।
गैलरी में सभा के संस्थापकों से लेकर इससे जुड़े सभी पुराने और नए साहित्यकारों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। यहां आने वाले हिंदी प्रेमियों को एक क्लिक पर उनके बारे में सारी सूचनाएं उपलब्ध होंगी।
परिसर में खाली स्थानों पर बुक कैफे, बुजुर्गों के लिए लिफ्ट और जनसुविधा केंद्र विकसित किए जाएंगे। परिसर में अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था, भूमि समतलीकरण, छायायुक्त स्थाई मंच बनाने की भी योजना है। अधिकतम डेढ़ वर्ष में इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।