Headlines
Loading...
बेईमानी से जीता पाकिस्तान? मचा अफरीदी की आखिरी गेंद पर बवाल! आगबबूला हुए श्रीलंकन कोच जयसूर्या, जानें पूरा मामला...

बेईमानी से जीता पाकिस्तान? मचा अफरीदी की आखिरी गेंद पर बवाल! आगबबूला हुए श्रीलंकन कोच जयसूर्या, जानें पूरा मामला...

Pakistan vs Sri Lanka: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हाई वोल्टेज मैच खेला गया। फैंस की धड़कनें रोक देने वाले मुकाबले में जीत तो पाकिस्तान को मिली, लेकिन टूर्नामेंट से उनका सफर समाप्त हो गया। जी हां, सुपर-8 का आखिरी मैच जीतकर भी पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। 

वहीं, न्यूजीलैंड ने बेहतर नेट रन रेट के कारण सेमीफाइनल में अपनी सीट कन्फर्म कर ली है। पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मैच के आखिरी गेंद पर अंपायर के एक फैसले पर जमकर बवाल मचा है। आइए जानते हैं आखिर पूरा मामला क्या है?

दरअसल, श्रीलंका को 6 गेंदों पर जीत के लिए 28 रनों की दरकार थी। कप्तान दसुन शनाका ने बल्ले से धमाका करते हुए पाकिस्तान के प्रीमियम तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के छक्के छुड़ा दिए और आखिरी ओवर में 3 लगातार छक्के और एक चौका जड़ा। हालांकि, अंतिम गेंद पर वो बड़ा शॉट खेलने से चूक गए, लेकिन श्रीलंकन हेड कोच सनथ जयसूर्या की माने तो ये वाइड गेंद थी।
शाहीन अफरीदी की आखिरी गेंद पर बवाल

आखिरी ओवर में जब दसुन शनाका ने शाहीन अफरीदी को तहस-नहस किया तब उन्होंने वाइड यॉर्कर फेंकने का प्लान बनाया। 5वीं गेंद पर उनका ये प्लान काम आया। अंतिम गेंद भी उन्होंने वाइड यॉर्कर डाली और शनाका चूक गए। गेंद वाइड लाइन के बेहद पास से गुजरी, लेकिन अंपायर ने इसे लीगल डिलीवरी करार दिया। शनाका को अंपायर के फैसले पर यकीन नहीं हुआ, वहीं शाहीन अफरीदी और पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने राहत की सांस ली। 

वहीं, श्रीलंका के हेड कोच सनथ जयसूर्या अंपायर के इस फैसले से बिल्कुल खुश नहीं दिखे और डगआउट में वो काफी गुस्से में दिखे। उन्होंने इशारों में कहा कि ये वाइड गेंद थी, सोशल मीडिया पर भी फैंस अंपायर के इस फैसले से नाराज हैं।

श्रीलंका से जीतकर भी पाकिस्तान की फजीहत

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम अंत तक लड़ाई लड़ते हुए 8 विकेट खोकर 207 रन बना सकी, मैच पाकिस्तान ने जीता, लेकिन श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने शानदार पारी खेलकर करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने 31 गेंदों पर 76 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 2 चौके जड़े। कुछ देर के लिए लगा कि वो अकेले पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन लेंगे, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। पाकिस्तान हारते-हारते बच गई, लेकिन इसके बावजूद टी20 वर्ल्ड कप 2026 से उनका सफर यहीं समाप्त हो गया।

न्यूजीलैंड-साउथ अफ्रीका के बीच होगा सेमीफाइनल

वहीं, न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर गई है। अब 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। वहीं, अब ये तय हो गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।