Headlines
Loading...
अक्षर पटेल ने सिक्स जा रही गेंद को कैच बना कर शिवम दुबे के हाथ में थमाया, भारत के लिए विनिंग टर्निंग पॉइंटबना वो क्षण...

अक्षर पटेल ने सिक्स जा रही गेंद को कैच बना कर शिवम दुबे के हाथ में थमाया, भारत के लिए विनिंग टर्निंग पॉइंटबना वो क्षण...

मुंबई खेल ब्यूरो। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में वानखेडे के मैदान पर एक ऐसा पल आया, जिसने पूरे मैच की कहानी ही बदल दी। अक्षर पटेल और शिवम दुबे की जुगलबंदी ने बाउंड्री लाइन पर जो रिले कैच लपका, उसने न केवल विस्फोटक बल्लेबाज विल जैक्स की पारी का अंत किया, बल्कि भारत की फाइनल की राह भी आसान कर दी। इस कैच ने ही मैच के रुख को भारत की ओर मोड़ा और टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 7 रनों से जीता।

अक्षर की बाजीगरी और दुबे का साथ, बाउंड्री पर 'जादुई' कैच

पारी के एक नाजुक मोड़ पर अर्शदीप सिंह ने विल जैक्स को एक वाइड फुल टॉस गेंद फेंकी। जैक्स ने इस पर जोरदार प्रहार किया और गेंद तेजी से डीप पॉइंट बाउंड्री की ओर 6 रनों के लिए जा रही थी। तभी वहां तैनात अक्षर पटेल ने दौड़ते हुए हवा में गोता लगाया और गेंद को लपक लिया। बाउंड्री कुशन के करीब अपना संतुलन खोते देख अक्षर ने गजब की सूझबूझ दिखाई और गिरने से ठीक पहले गेंद को अंदर की ओर उछाल दिया। पास ही खड़े शिवम दुबे ने इस तोहफे को लपकने में कोई गलती नहीं की।

मैच का टर्निंग पॉइंट, जैक्स और बेथल की साझेदारी का अंत

यह कैच सिर्फ एक विकेट नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए मैच में वापसी का सबसे बड़ा जरिया बना। विल जैक्स (35 रन) और जेकब बेथल के बीच 39 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी साझेदारी हो चुकी थी। ये दोनों बल्लेबाज 254 रनों के विशाल लक्ष्य को भी छोटा साबित कर रहे थे। जैक्स जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, वह भारत के लिए बड़ा खतरा बन चुके थे, लेकिन इस 'मिरेकल कैच' ने इंग्लैंड के अरमानों पर पानी फेर दिया।

जश्न में डूबी टीम इंडिया, सूर्या ने अक्षर को लगाया गले

जैसे ही यह कैच पूरा हुआ, कप्तान सूर्यकुमार यादव और पूरी टीम इंडिया खुशी से झूम उठी। सूर्या ने दौड़कर अक्षर पटेल को गले लगा लिया, क्योंकि सभी जानते थे कि यह विकेट कितना कीमती था। सोशल मीडिया पर इस कैच की तुलना विश्व स्तरीय फील्डिंग मानकों से की जा रही है। अक्षर की अवेयरनेस और दुबे की फिनिशिंग ने वानखेड़े में समां बांध दिया। टीम इंडिया ने इस कैच के बाद ही दमदार कमबैक किया।