संजू सैमसन पर हुई नोटों की बारिश! प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने पर मिली इतनी प्राइज मनी?...
Sanju Samson: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को धूल चटाकर टीम इंडिया तीसरी बार विश्व विजेता बनी है। इस खिताबी जीत के सबसे बड़े नायक रहे संजू सैमसन, जिन्होंने न केवल फाइनल में 89 रनों की तूफानी पारी खेली, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में अपने बल्ले से आग लगा दी। आईसीसी (ICC) ने उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के खिताब से नवाजा है।
अक्सर फैंस के मन में सवाल रहता है कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने पर खिलाड़ी को कितना पैसा मिलता है। संजू सैमसन को इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए एक खास चेक दिया गया है. संजू सैमसन को 25,000 अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार मिला है, जो भारतीय रुपयों में लगभग 21 लाख रुपये होता है।
फाइनल में 4 विकेट झटकने वाले जसप्रीत बुमराह को इस अवॉर्ड के लिए 10,000 डॉलर (करीब 8.4 लाख रुपये) मिले हैं। वर्ल्ड चैंपियन बनने पर भारतीय टीम को आईसीसी की ओर से कुल 3 मिलियन डॉलर (लगभग 27.48 करोड़ रुपये) मिले हैं। यह रकम पूरी टीम और स्टाफ में बांटी जाएगी।
खास क्लब में शामिल हुए संजू
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा विराट कोहली (दो बार) और जसप्रीत बुमराह कर चुके हैं। संजू ने इस वर्ल्ड कप के 5 मैचों में 321 रन बनाए, जिसमें फाइनल की वो पारी भी शामिल है जिसने न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी।
बोर्ड भी दे सकता है प्राइज मनी
आईसीसी की प्राइज मनी तो सिर्फ शुरुआत है। रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई जल्द ही टीम इंडिया के लिए 125-150 करोड़ रुपये के मेगा बोनस का ऐलान कर सकता है। अगर ऐसा होता है, तो संजू सैमसन के खाते में अलग से 7 से 8 करोड़ रुपये और आ सकते हैं। खबरों के अनुसार टीम इंडिया की विक्ट्री परेड हो सकती है, हालांकि इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।