जयपुर में ईद के दिन मुस्लिम महिलाओं का जोरदार विरोध, ईरान युद्ध को लेकर नहीं मनाया त्योहार...
राजस्थान राज्य ब्यूरो। ईद के मौके पर जहां एक तरफ लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुस्लिम महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में बुर्कानशी महिलाओं ने एकजुट होकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन जयपुर के ऐतिहासिक आमेर फोर्ट के बाहर किया गया, जहां महिलाओं के साथ-साथ कई मुस्लिम युवक भी शामिल हुए. सभी ने एक साथ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
आयतुल्लाह खामनेई की मौत को लेकर नाराजगी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले और वहां के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामनेई की शहादत से वे बेहद आहत हैं. उनकी हत्या से सभी नाराज हैं।
इसी वजह से उन्होंने इस बार ईद का त्योहार नहीं मनाने का फैसला किया. महिलाओं ने अमेरिका और इजरायल के झंडों और वहां के राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीरों को जलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया. इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।
घरों में नहीं मनाई गई ईद
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि उनके घरों में किसी तरह की खुशियां नहीं मनाई जा रही हैं. पूरा दिन मातमी माहौल में गुजर रहा है और लोग शोक में हैं।
प्रदर्शन के दौरान अमेरिका और इजरायल के प्रोडक्ट्स का भारत में हर स्तर पर बहिष्कार करने का भी फैसला लिया गया. प्रदर्शनकारियों ने लोगों से इस फैसले का समर्थन करने की अपील की।
काली पट्टी बांधकर पढ़ी गई नमाज
जयपुर में शिया समुदाय के लोगों ने कई जगहों पर विरोध जताया. कुछ स्थानों पर लोगों ने काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की, जिससे उनके विरोध का संदेश साफ दिखा।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति न बने। जयपुर में इस बार ईद का दिन कुछ अलग रहा, जहां खुशी के साथ-साथ गुस्सा और शोक का माहौल भी देखने को मिला।