Headlines
Loading...
मिशन शक्ति की मिसाल::इंसाफ न मिला तो त्याग दूंगी अपनी वर्दी,भाजपा विधायक पर आरोप,लगा कर महिला दरोगा ने भेजा इस्तीफा...

मिशन शक्ति की मिसाल::इंसाफ न मिला तो त्याग दूंगी अपनी वर्दी,भाजपा विधायक पर आरोप,लगा कर महिला दरोगा ने भेजा इस्तीफा...

लखनऊ राज्य ब्यूरो। यूपी पुलिस में मिशन शक्ति की मिसाल पेश करने वाली एक महिला सब-इंस्पेक्टर ने सिस्टम से हारकर इस्तीफे की पेशकश कर दी है। बिहार थाने में तैनात एसआई रेखा दुबे ने एसपी और आईजी को अपना इस्तीफा भेज कर महकमे में खलबली मचा दी है। रेखा का आरोप है कि लखीमपुरखीरी में एक भाजपा विधायक और रसूखदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस्तीफे में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, मामला 29 मार्च 2024 का है। उस दौरान रेखा दुबे लखीमपुर खीरी में तैनात थीं।

आरोप है कि एक स्थानीय भाजपा विधायक के इशारे पर कुछ अराजकतत्वों और तत्कालीन एसपी के ड्राइवर समेत तीन पुलिसकर्मियों ने उनके किराए के आवास में घुसकर तोड़फोड़ और अभद्रता की थी। जब उनके एसआई पति और नाबालिग बेटी ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। दुखद पहलू यह रहा कि जब पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंचीं तो वहां कथित तौर पर करीब दो सौ लोगों की भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में दोबारा उनके परिवार पर हमला किया।

तहरीर बदली, विधायक का नाम गायब

रेखा दुबे ने बताया कि विधायक के राजनीतिक दबाव के कारण शुरुआत में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। सोशल मीडिया और मीडिया में मामला उछलने के बाद एफआईआर तो हुई। आरोप है कि पुलिस ने मूल तहरीर बदलकर विधायक का नाम हटा दिया। उन्हें आश्वासन दिया गया कि विवेचना के दौरान नाम जोड़ दिया जाएगा जो आज तक नहीं हुआ। महिला दरोगा ने उच्चाधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन पर और उनके पति पर समझौते के लिए लगातार अनैतिक दबाव बनाया गया। 

समझौता न करने पर सजा के तौर पर पति-पत्नी का अलग-अलग जिलों में तबादला कर दिया गया। मामले की विवेचना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। उन्नाव एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया, मामला संज्ञान में आया है। मगर अभी तक महिला दरोगा ने कोई प्रार्थना पत्र न दिया है और न ही पेश हुईं हैं। पत्र मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

शादी के बाद घर लौट रही महिला दरोगा से बदमाशों ने की लूटपाट

वहीं दूसरी ओर बागपत जिले के डोलचा गांव निवासी रिंकी यादव पुत्री सुनील यादव दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं। रिंकी की शादी 11 फरवरी को रामपुर के आगा नगर निवासी युवक से हुई है। रविवार देर शाम दरोगा रिंकी यादव, पति व रिश्तेदारों के साथ क्रेटा कार से गांव वापस लौट रही थी। बागपत बाईपास से मेरठ बागपत हाइवे की ओर चलते ही कार सवार बदमाशों ने दरोगा की कार का पीछा करना शुरू कर दिया। 

कार सवार बदमाशों ने नंगला जमालपुर के पास आवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली और महिला दरोगा से सोने की दो चेन, अंगूठी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। महिला दरोगा ने घटना की तहरीर दी है। जानी थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। बदमाशों को जल्द ही पकड़ा जाएगा।