पीएम मोदी कल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन, ट्रैफिक एडवाइजरी हुई जारी...
प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च 2026 को नोए़डा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. इस बड़े आयोजन में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है. इसी के तहत सुबह से लेकर देर रात तक कई अहम सड़कों पर यातायात में बदलाव लागू रहेंगे।
लोगों को क्या सलाह दी गई?
लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी अवश्य ले लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं. उद्घाटन वाले दिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा. खासतौर पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेस वे पर मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. हालांकि, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें।
विभिन्न शहरों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं ताकि ट्रैफिक का दबाव एक ही जगह पर न पड़े. मेरठ और गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए प्रवेश दिया जाएगा. वहीं, मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले यात्रियों को जेवर टोल के बाद तय मार्ग का पालन करना होगा. हापुड़, बुलंदशहर और खुर्जा से आने वालों के लिए भी अलग प्रवेश मार्ग तय किए गए हैं. इसके अलावा, सभी के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
विशेष पार्किंग और शटल सेवा उपलब्ध
कार्यक्रम में शामिल वीआईपी मेहमानों के लिए विशेष पार्किंग और शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. मीडिया कर्मियों, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं. इससे आयोजन स्थल के आसपास भीड़ प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा और यातायात बाधित नहीं होगा।
स्थानीय निवासियों और व्यावसायिक वाहनों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को निर्धारित मार्गों का पालन करना होगा. वहीं, जेवर की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को पहले ही अन्य मार्गों पर मोड़ दिया जाएगा. आगरा दिशा से आने वाले वाहनों को भी जेवर टोल से पहले ही डायवर्ट किया जाएगा, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की ट्रैफिक समस्या उत्पन्न न हो।