Headlines
Loading...
आर्म्स हथियारों का भंडाफोड़:दिल्ली से दुबई फिर बांग्लादेश और पाकिस्तान जा रही रकम, विदेशों से हथियार तस्करी में रडार पर हवाला नेटवर्क...

आर्म्स हथियारों का भंडाफोड़:दिल्ली से दुबई फिर बांग्लादेश और पाकिस्तान जा रही रकम, विदेशों से हथियार तस्करी में रडार पर हवाला नेटवर्क...

नई दिल्ली, ब्यूरो। भारत में विदेशों से हो रही हथियार तस्करी के मामले में अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच इस नेटवर्क की 'रीढ़' यानी फंडिंग को खत्म करने के काम पर लग गई है। पुलिस सूत्र का कहना है कि अब तक की जांच में सामने आया है कि इन हथियारों के लिए पैसा हवाला नेटवर्क के जरिए जाता है।दिल्ली से हवाला के जरिए रकम दुबई पहुंचती है। वहां से पड़ोसी देश बांग्लादेश और पाकिस्तान तक पहुंचाई जाती है। फिलहाल पुलिस को दिल्ली से दुबई का हवाला लिंक मिल गया है, जिस पर काम किया जा रहा है।

कैसे होती थी हथियारों की सप्लाई

इस पूरे मामले में यह भी सामने आया है कि दिल्ली समेत अन्य राज्यों में लॉरेंस गैंग, गोगी गैंग, नंदू गैंग, हिमांशु भाऊ गैंग, रोहित चौधरी गैंग को हथियारों की तस्करी हो रही थी। इनके अलावा यूपी,बिहार के कुछ बाहुबलियों और गैंगस्टर्स को भी इन हथियारों की सप्लाई होने की बात सामने आई है। पुलिस इनकी पूरी चेन का भी पता करने में जुटी हुई है।

दुबई का 'लकी' है सूत्रधार

दिल्ली से दुबई के हवाला लिंक में फिलहाल एक नाम सामने निकलकर आया है। यह नाम है 'लकी'। अब तक की जांच में पता चला है कि लकी दुबई में है। वह एक भारतीय ही है। यही नहीं विदेश में जितने हलावा ऑपरेटर हैं, वे सभी भारतीय हैं और यहां ड्रग्स, आर्म्स और एक्सटॉर्शन से आने वाले पैसे को विदेश भेजते हैं।

ऐसे कस सकते हैं नकेल

कानून के जानकारों का मानना है कि इन सभी के खिलाफ देशद्रोह, आतंकी गतिविधि में शामिल होने जैसे सख्त कानून का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही इन सभी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने चाहिए। तभी इनमें कानून का डर होगा और कोई दूसरा इनसे प्रभावित होकर इनके जैसा बनने की नहीं सोचेगा।

इंटरनेशनल हथियार तस्करी मॉड्यूल में अब तक ये खुलासे

* दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 25 मार्च को किया इंटरनेशनल हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़।
* हथियार तस्करी में पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से जुड़े इस मॉड्यूल के तार।
* इस कार्रवाई में एक्शन लेते हुए पुलिस ने 10 तस्करों को किया गिरफ्तार।
* आरोपियों के कब्जे से विदेशों में बने 21 अत्याधुनिक हथियार और 200 कारतूसों का जखीरा बरामद।
* इनमें सब-मशीन गन, ऑटोमेटिक पिस्टल, मिलिट्री ग्रेड फायर आर्म्स भी शामिल।।