Headlines
Loading...
"हिजाब पहनकर ही अंदर जाओ." लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में इन्फ्लेंसर का दावा, वीडियो हुआ वायरल...

"हिजाब पहनकर ही अंदर जाओ." लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में इन्फ्लेंसर का दावा, वीडियो हुआ वायरल...

लखनऊ के ऐतिहासिक बड़ा  इमामबाड़ा से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक डिजिटल क्रिएटर ने दावा किया है कि इमामबाड़ा परिसर के अंदर उनसे हिजाब पहनने और अपनी शर्ट का बटन बंद करने के लिए कहा गया। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

लखनऊ घूमने आईं और पहुंच गईं बड़ा इमामबाड़ा

डिजिटल क्रिएटर Manya Singh ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ लखनऊ घूमने आई थीं. शहर की ऐतिहासिक जगहों को देखने के लिए उन्होंने बड़ा इमामबाड़ा जाने का फैसला किया. उनका कहना है कि उन्होंने टिकट लेकर सामान्य तरीके से परिसर में एंट्री की. उस समय तक उन्हें किसी भी तरह के ड्रेस कोड या हिजाब से जुड़ा कोई नियम नहीं बताया गया था।

अंदर पहुंचते ही हिजाब पहनने की बात?

मान्या सिंह का दावा है कि जैसे ही वह अंदर पहुंचीं, वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे कहा कि यहां हिजाब पहनकर ही घूमना होगा. जब उन्होंने पूछा कि ऐसा क्यों करना जरूरी है, तो उनके मुताबिक वहां मौजूद कुछ लोगों ने सख्त अंदाज में कहा कि बिना हिजाब के यहां रहना मना है. मान्या के अनुसार कुछ लोगों ने उन्हें बाहर जाने के लिए भी कहा।
हिजाब से मना किया तो बढ़ा विवाद

मान्या सिंह का कहना है कि उन्होंने हिजाब पहनने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया. उन्होंने बताया कि इसके बावजूद वह और उनकी दोस्त परिसर में आगे बढ़ती रहीं और वहां घूमने की कोशिश करती रहीं।

"शर्ट का बटन बंद कर लीजिए" - यह भी कहा गया

क्रिएटर के मुताबिक जब उन्होंने सिर ढकने से मना किया तो वहां मौजूद लोगों ने अपनी टीम के एक व्यक्ति को उनके पास भेजा. उस व्यक्ति ने उनसे कहा कि कहीं से दुपट्टा लेकर सिर ढक लें. मान्या का आरोप है कि कुछ देर बाद एक व्यक्ति सीधे उनके पास आया और उनसे कहा कि वह अपनी शर्ट का बटन बंद कर लें. इस बात पर उन्होंने आपत्ति जताई और कहा कि यह उनका निजी पहनावा है और किसी को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।

पोस्टरों को लेकर भी किया दावा

अपने वायरल वीडियो में मान्या सिंह ने एक और दावा किया. उनके मुताबिक इमामबाड़ा परिसर के बाहर अमेरिका और इजराइल के विरोध में लिखे कुछ पोस्टर लगे हुए थे. उन्होंने कहा कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे कहा कि इन पोस्टरों पर पैर रखते हुए अंदर जाएं. मान्या ने बताया कि उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया, जिसके बाद माहौल और असहज हो गया।

"मैं आजाद भारत में रहती हूं"

वीडियो में मान्या सिंह ने कहा कि वह एक स्वतंत्र देश की नागरिक हैं और किसी महिला पर जबरन ड्रेस कोड लागू करना गलत है. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी धर्म या परंपरा से कोई समस्या नहीं है, लेकिन किसी महिला के कपड़ों या पहनावे पर टिप्पणी करना ठीक नहीं है. उन्होंने वीडियो में कहा कि "मैं आजाद भारत में रहती हूं, मुझे कोई यह नहीं बता सकता कि मुझे क्या पहनना चाहिए।"

वीडियो वायरल, लेकिन आधिकारिक बयान का इंतजार

मान्या सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया. सोशल मीडिया पर लोग इस मुद्दे पर अलग-अलग राय दे रहे हैं. फिलहाल यह पूरा मामला डिजिटल क्रिएटर के दावों पर आधारित है. अभी तक प्रशासन या इमामबाड़ा प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।