क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा जहांगीरपुरी का 'तूफान', अवैध पिस्टल और कारतूस भी हुए बरामद...
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जहांगीरपुरी इलाके के घोषित अपराधी ध्रुव उर्फ राज उर्फ 'तूफान' को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस सूत्र का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
कैसे दबोचा गया अपराधी
पुलिस अधिकारी ने बताया, क्राइम ब्रांच नॉर्दन रेंज (2) टीम को शुक्रवार को सूचना मिली कि कई वारदात में वॉन्टेड अपराधी 'तूफान' अपने साथियों से मिलने भलस्वा डेयरी इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर रेड के लिए एक टीम तैयार की गई। टीम ने शाम करीब 6 बजे भलस्वा डेयरी झील के पास गोल्फ कोर्स रोड पर जाल बिछाया।
पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश
शाम करीब 7:30 बजे जैसे ही संदिग्ध युवक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन अलर्ट टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की जींस की जेब से एक पिस्टल और मैगजीन में दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
बवाना मर्डर केस भी सुलझाया
वहीं दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बवाना इलाके में 8 मार्च 2026 को युवक की गोली मारकर हत्या के मामले को सुलझाते हुए वॉन्टेड आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि 20 वर्षीय आरोपी निखिल पूठ खुर्द का रहने वाला है। जो पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था।