न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया फ्लाइट की आयरलैंड में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, जहाज में आई ये दिक्कत, क्रू मेंबर व सभी यात्री सुरक्षित...
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 15 मार्च को न्यूयॉर्क (JFK) से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI102 को, एक संभावित तकनीकी समस्या के चलते, एहतियातन आयरलैंड के शैनन में डायवर्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आज विमान स्थानीय समय अनुसार 04:30 बजे शैनन हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया। फिलहाल, इसमें मौजूद सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के मुताबिक, विमान की अभी विस्तार से तकनीकी जांच की जा रही है। हालांकि, इस तरह के एहतियाती डायवर्जन का फैसला सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता के आधार पर लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि फिर भी हमारे यात्रियों को हुई असुविधा और परेशानी के लिए हमें खेद है. हम अपने यात्रियों और क्रू सदस्यों को सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए शैनन हवाई अड्डा अधिकारियों और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जैसे ही कोई नई जानकारी उपलब्ध होगी, हम उसे आपके साथ जरूर शेयर करेंगे।
दुबई से आने वाली फ्लाइट्स निलंबित
दुबई इंटरनेशनल एअरपोर्ट ने एअरपोर्ट से आने-जाने वाले सभी फ्लाइट ऑपरेशन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप, दुबई से आने-जाने वाली एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आज के लिए रद्द कर दी गई है। एअर इंडिया के मुताबिक, हम सभी प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के नीचे दिए गए विकल्पों में से किसी एक को चुनने की सुविधा दे रहे हैं।
जैसे भविष्य की किसी तारीख के लिए दोबारा बुकिंग करवाना, या टिकट रद्द करके पूरा रिफंड प्राप्त करना। एयर इंडिया ने बाधाओं के लिए गहरा खेद जताया है। अबू धाबी, रास अल खैमाह और शारजाह से आने-जाने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विशेष फ़्लाइट ऑपरेशन, घोषणा के अनुसार जारी रहेंगे. एयर इंडिया ने कहा कि फंसे हुए यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से घर पहुंचाया जाए।