भोपाल: होटल के कमरे में सो रहे पति पर पत्नी ने ब्लेड से किया हमला, बाथरूम में छुपा तो सिर पर दे मारा कांच का ग्लास, फेसबुक की थी शादी
मप्र भोपाल: राजधानी के पिपलानी इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आनंद नगर स्थित कोमल पैलेस होटल में एक पत्नी ने अपने ही पति पर ब्लेड और कांच के गिलास से जानलेवा हमला कर दिया। हमला उस वक्त हुआ जब पति गहरी नींद में था। जख्मी पति ने किसी तरह बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी पत्नी मौके से भाग निकली।
नींद में था पति, पत्नी ने फेर दी ब्लेड
पुणे की आईटी कंपनी में काम करने वाला ललित राजपूत भोपाल के गोपाल नगर का निवासी है। उसकी पत्नी देनंदनी तोमर, जो शाजापुर में नर्स है, उससे मिलने भोपाल आई थी। ललित ने उसे कोमल पैलेस होटल में रुकवाया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब ललित सो रहा था, तभी दोनों के बीच किसी बात पर ठन गई। गुस्सायी पत्नी ने ब्लेड से ललित के हाथ और पेट पर कई वार कर दिए।
पति ने बाथरूम में छिपकर बचाई जान
ललित जान बचाने के लिए लहूलुहान हालत में बाथरूम की ओर भागा, लेकिन पत्नी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने वहां पहुंचकर ललित के सिर पर कांच का गिलास दे मारा। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से साथ रहने या न रहने को लेकर विवाद चल रहा है। ललित का कहना है कि पत्नी साथ नहीं रहना चाहती, जबकि पत्नी का आरोप कुछ और ही है।
शादी से पहले दर्ज कराया था दुष्कर्म का केस
इस रिश्ते की बुनियाद ही विवादों पर टिकी थी। दोनों की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। जब ललित शादी से मुकर गया, तो देनंदनी ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और मई 2025 में उन्होंने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। हालांकि, शादी के बाद भी कड़वाहट खत्म नहीं हुई और अब मामला थाने पहुंच गया है।
ये है पूरा मामला
1. फेसबुक के जरिए ललित और देनंदनी के बीच मेल-जोल शुरू हुआ।
2. शादी से इनकार पर ललित के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ।
3. आपसी सहमति के बाद मई 2025 में दोनों ने मंदिर में विवाह किया।
4. 9 मार्च 2026 की सुबह होटल के कमरे में ब्लेड से हमला।
5. पिपलानी पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।