कैश लाओ, तेल पाओ :: पेट्रोलियम कंपनियों की सख्ती से बरेली के कई पेट्रोल पंपों पर लगे ताले..
बरेली, ब्यूरो। गैस के बाद अब कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल का संकट दिख रहा है। पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से क्रेडिट यानी उधार पर तेल देना बंद कर दिया है। इसकी वजह से कई पंप बंद हो जा रहे हैं।
बदायूं रोड पर सुबह से कई पंप बंद होने से लोग परेशान हो गए। हालांकि कई पंपों पर तेल मिल रहा है। इसके चलते इन पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। पंप संचालकों के टैंकर डिपो में खड़े हुए हैं।
पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारी तेल की कमी से इनकार कर रहे हैं। हालांकि इस बार में अधिकारियों का कहना है कि 17 मार्च से क्रेडिट पर तेल नहीं दिया जा रहा है, इसलिए कुछ पंप ड्राई हैं। जहां से पेमेंट आ रहा है वहां कोई दिक्कत नहीं है।
इस तेल की कमी की अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। लोग अपनी गाड़ियों में तेल भरवाने के लिए लाइनों में लगे हुए हैं।