Headlines
Loading...
ए अल्लाह !! सबकी हिफाजत फरमा: ईदगाह से उठी दुआ, सांसद से लेकर डीएम तक ने दी आज ईद मुबारकबाद...

ए अल्लाह !! सबकी हिफाजत फरमा: ईदगाह से उठी दुआ, सांसद से लेकर डीएम तक ने दी आज ईद मुबारकबाद...

मुरादाबाद। ईद उल फितर की नमाज ईदगाह के साथ ही शहर की तमाम मस्जिदों में सकुशल संपन्न हुई। उलमा ने नमाज से पहले लोगों को ईद का महत्व बताया। कहा गया कि एक माह के रोजे रखने के बाद ईद तोहफा है।गले मिलकर बधाई देने का दिन है। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए सुबह से ही लोग आने शुरू हो गए थे। आठ बजे नमाज अदा की गई।

सिर पर टोपी, सफेद लिबास पहने नमाजी पैदल ही ईदगाह में पहुंचे थे। कपड़ों से इत्र की खुशबू महक रही थी। ईदगाह में अगली सफ में जगह पाने के लिए लोग पहले ही पहुंच चुके थे। लाउडस्पीकर से लगातार व्यवस्था बनाने और सहयोग करने की अपील की जा रही थी। ईदगाह और उसके आसपास सुरक्षा के इंतजाम थे।

नायब शहर इमाम मुफ्ती सैयद फहद अली ने नमाजियों को ईद की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि पूरे माह अल्लाह की रजा के लिए रोजे रखे। भूखे रहकर इबादत में मशगूल रहे। आपको आगे भी अल्लाह की रजा के लिए काम करते रहे। इंसानियत के काम को करते रहें। जरूरतमंदों की मदद करें। इसके बाद उन्हाेंने नमाज अदा कराई।

इसके बाद सुबह आठ बजे शहर इमाम सैयद मासूम अली ने नमाज अदा कराई। खुत्बे के बाद मुल्क में तरक्की और खुशहाली की दुआ कराई गई। सांसद रुचि वीरा, पूर्व सांसद डा. एसटी हसन, डीएम अनुज सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सज्जादानशीन सैयद शिब्ली मियां, सैयद अहमद कमाल गुल्लू मियां, सैयद सरवर मियां, सैयद फैजी मियां आदि ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद पेश की।

ए अल्लाह तू हम सबकी हिफाजत फरमा और सबको खुशियां अता कर

शनिवार को ईद की नमाज के बाद शहर इमाम सैयद मासूम अली ने मुल्क में तरक्की और खुशहाली की दुआ कराई। उन्होंने कहा कि ए अल्लाह तू सबकुछ जानता है। सबके दिलों का हाल तुझसे छिपा नहीं है। तू सबकी हिफाजत फरमां। नेकियां करने और जरूरतमंदों की मदद की तौफीक अता फरमा।

बच्चों में दिखीं ईद की खुशियां

ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए बड़ों के साथ बच्चे भी पहुंचे थे। सफेद कुर्ता पैजामा, सिर पर टोली और आंखों पर काला चश्मा पहनकर पहुंचे थे। नमाज के बाद छोटे बच्चों ने भी गले मिलकर मुबारकबाद पेश की।

मुरादाबाद की ईदगाह में दो बार में हुई नमाज

ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। गलशहीद स्थित ईदगाह में पहली नमाज सुबह आठ बजे शुरू हुई जो करीब साढ़े आठ बजे तक संपन्न हो गई। इसके बाद दूसरी बाद फिर से नमाज कराई गई। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी।

बीते साल ईद की नमाज के दौरान जब ईदगाह में नमाजियों के लिए नमाज अदा करने के लिए जगह नहीं बची थी तो पुलिस ने कुछ नमाजियों को सड़क पर रोक दिया था। इसके बाद नमाजियों ने हंगामा कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने दोबारा भी नमाज अदा कराई थी।


इस बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहले से ही दो बार में नमाज अदा कराने का निर्णय ले लिया था। सुबह आठ बजे तक जो नमाजी ईदगाह में पहुंच गए थे, उन्‍होंने नमाज अदा की। इसके बाद दूसरी नमाज साढ़े आठ बजे शुरू हुई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस द्वारा ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी रखी गई।

जिलाधिकारी अनुज सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल और एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। दोनों बार की नमाज संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।