विश्व में आई विभीषिका की शांति के लिए काशी में दस दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न-मोक्षतीर्थ हरिश्चंद्र घाट पर आदि शक्ति माँ भद्र काली का प्रत्यक्ष शक्ति पूजन, अखंड भंडारा...
वाराणसी, 28 मार्च। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के मोक्षतीर्थ हरिश्चंद्र घाट पर शनिवार को माँ भद्र काली की प्रत्यक्ष शक्ति पूजन सम्पन्न हुआ।सामाजिक,आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संस्था अघोर पीठ हरिश्चंद्र घाट काशी के तत्वावधान में वासंतिक चैत्र नवरात्र के दशमी तिथि पर 1100 कन्याओं व मातृ पूजन के बाद अखंड भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में भजन गायकों ने भजनों की प्रस्तुति की। इस अवसर पर अघोर पीठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चंडेश्वर कपाली बाबा ने बताया कि एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
पीठ अब प्रत्येक वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर 06 बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दिलायेगा। उन्होंने कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को सुचारू व्यवस्था व दायित्व निर्वहन के लिए आभार प्रकट किया तथा अपना आशीर्वाद भी प्रदान किया।
--विश्व शांति के लिए विशेष अनुष्ठान
अवधूत उग्र चंडेश्वर कपाली बाबा ने बताया कि सनातनी वर्षारंभ के अवसर पर दस महाविद्याओं का दस दिवसीय अनुष्ठान विश्व में आई हुई विभीषिका की शांति के लिए किया गया। युद्ध की देवी आदि शक्ति उग्र माँ काली की प्रतिमा का स्थापना कर प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद महिलाओं ने माँ त्रिपुर भैरवी का सहस्त्रार्चन किया। 11 वैदिक विद्वानों द्वारा पूरे विधि विधान पूर्वक संपन्न किया गया। इसके बाद अघोर परम्परा अनुसार लगभग 1100 कन्याओं व महिलाओं का पूजन कर उन्हें श्रृंगार सामग्रियों से सम्मानित किया गया।