आज सुबह अलीगढ़ में हुई सनसनीखेज वारदात; पारिवारिक विवाद में युवक ने चचेरी बहन को ही पेट्रोल डालकर जलाया..पकड़ा गया आरोपी...
केसरी न्यूज 24 ब्यूरो, अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक कहासुनी और आपसी लड़ाई-झगड़े के चलते एक युवक ने अपनी चाची की बेटी (चचेरी बहन) पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
मंदिर से लौटते समय हुई वारदात
बताया जा रहा है कि युवती मंदिर से पूजा करके वापस घर लौट रही थी, तभी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी नीरू से उसकी कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि युवक ने खौफनाक कदम उठाते हुए युवती को आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों की मदद से झुलसी हुई युवती को तत्काल अलीगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
छत पर चढ़कर आरोपी ने किया हंगामा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक छत पर चढ़ गया और खुद को मकान में कैद कर लिया। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
पुलिस की सूझबूझ से धरा गया आरोपी
काफी देर तक चले ड्रामे और परिजनों के समझाने-बुझाने के बाद, पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को नीचे उतारा और हिरासत में लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।