Headlines
Loading...
ममता बनर्जी का प्रधानमंत्री पर अनुचित टिप्पणी करना अस्वीकार्य : शुभेंदु अधिकारी...

ममता बनर्जी का प्रधानमंत्री पर अनुचित टिप्पणी करना अस्वीकार्य : शुभेंदु अधिकारी...

कोलकाता, 21 मार्च। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "घुसपैठिया" कहने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे अस्वीकार्य बताया।उन्होंने कहा कि किसी धार्मिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करना उस मंच का दुरुपयोग है और इस पर कोलकाता खिलाफत समिति को संज्ञान लेना चाहिए।

यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब ममता बनर्जी ने कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित ईद समारोह में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस दौरान पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ खड़े रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस कार्यक्रम में उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे।

भवानीपुर में चुनाव प्रचार की शुरुआत करने के दाैरान वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नहीं बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं, चाहे वे किसी भी धर्म के हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग निंदनीय है और कोलकाता खिलाफत समिति को इस पर लिखित रूप में आपत्ति दर्ज करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव की लहर चल रही है और अब इस रुझान को पलटना संभव नहीं है।

इससे पहले ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए लोगों के मतदान अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप था कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि, अप्रैल में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। असम, केरल और पुडुचेरी में आगामी 9 अप्रैल को जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। सभी राज्यों के चुनाव परिणामों की मतगणना चार मई को की जाएगी।