सिलेंडर ब्लैक करने वाला आशीष गैस सर्विस का मालिक भेजा गया जेल, कन्हैया इंडेन गैस सर्विस के खिलाफ भी FIR हुआ दर्ज...
केसरी न्यूज 24, ब्यूरो गोरखपुर। रसोई गैस सिलेंडर ब्लैक करने वाले आशीष इंडेन गैस सर्विस पीपीगंज के मालिक पवन वर्मा को गुरुवार को जेल भेज दिया गया। उसके साथ वाहन चालक और गैस एजेंसी का कर्मचारी भी जेल भेजा गया है। तीनों मिलकर मंगलवार देर रात नौसढ़ में बस स्टेशन के पास सिलेंडर ब्लैक कर रहे थे।
पवन वर्मा के साले और कन्हैया इंडेन गैस सर्विस के मालिक अनिल वर्मा के खिलाफ भी एफआइआर दर्ज हो गई है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह एजेंसी बंद कर फरार हो गया है। एजेंसी बंद होने के कारण ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिल पाया है। इंडियन आयल के अधिकारियों ने दोनों एजेंसियों की जांच शुरू कर दी है। एजेंसियों का निलंबन तय बताया जा रहा है।
गीडा थाने के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि पीपीगंज के वार्ड नंबर 18 बुद्धनगर निवासी पवन वर्मा, बलिया के रेवती थाना अंतर्गत गोपालनगर निवासी अली मोहम्मद और पीपीगंज निवासी शुभम जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। तीनों पेट्रोलियम एवं गैस की अवैध बिक्री व ब्लैक मार्केटिंग व उच्च रेट पर बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरफ्तार किए गए हैं। टीम में हेड कांस्टेबल सुमंत यादव, कांस्टेबल पिन्टू सिंह भी शामिल हैं।
यह है मामला
पीपीगंज के आशीष इंडेन गैस सर्विस को 10 मार्च को गीडा बाटलिंग प्लांट से 625 घरेलू गैस सिलेंडर दिए गए थे। एजेंसी संचालक ने सिलेंडर गोदाम में न उतारकर ट्रक नौसढ़ रोडवेज बस अड्डे के पास खड़ा कर सिलेंडर की कालाबाजारी शुरू कर दी।
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर एजेंसी मालिक पवन वर्मा, परिवहन ठीकेदार मेसर्स प्रेस्टीज मूवर्स, ट्रक चालक अली मोहम्मद और गैस एजेंसी के कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज कराया है। पवन वर्मा के साले व कन्हैया इंडेन गैस सर्विस के मालिक अनिल वर्मा भी मंगलवार रात पिकअप पर सिलेंडर लेकर ब्लैक में बेचने के लिए नौसढ़ पहुंचे। पिकअप पर मेसर्स कन्हैया इंडेन गैस सर्विस नौसढ़ का बैनर मिला।