Holi 2026: फालैन में जुटी भीड़, आए विदेशी श्रद्धालु भी; रात में होलिका के अंगारों के बीच से निकलेगा संजू पंडा...
कोसीकलां। प्रह्लाद नगरी फालैन सोमवार को रंग और उड़ते अबीर के बीच हुरियारों से पटी है। विशाल होलिका मानों भक्त और भगवान के बीच आस्था के संबंध को प्रमाणित करने को आतुर है।इसी होलिका के धधकते अंगारों के बीच संजू पंडा मंगलवार सुबह प्रहलाद जी की स्तुति कर गुजरेंगे। सोमवार से फालैन में मेला शुरू हुआ तो दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचने लगे। सभी ने संजू के कुशलता की प्रह्लाद जी से कामना की।
कोसीकलां से पांच किलोमीटर दूर कोसी- शेरगढ़ रोड के निकट स्थित प्रह्लाद नगरी फालैन में सुबह दस बजे बजते ही प्रहलाद कुंड पर बीस फीट ऊंची होलिका के पूजन के लिए आसपास के 11 गांवों से हुरियारों की टोलियां पहुंचने लगीं। दोपहर होते-होते मेला चरम पर पहुंच गया।
प्रह्लाद मंदिर पहुंचने वाली प्रत्येक गली में हुरियारों के झुंड ढोल, नगाड़ों की थाप पर समाज गायन करने लगे, हुरियारों की टोली नाचती गाती रही। लोगों ने होलिका का पूजन किया और जमकर गुलाल-अबीर उड़ाया।
होलिका पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रह्लाद मंदिर में भक्त प्रह्लाद के दर्शन किए। मंगलवार सुबह शुभ मूहुर्त में संजू पंडा होलिका के अंगारों के बीच से गुजरेंगे। करीब एक माह से घर छोड़कर वह मंदिर में तप पर बैठे हैं।
जलती होलिका से निकलने की परंपरा संजू के परिवार की चार पीढ़ियां निभा रही हैं। संजू इस बार लगातार दूसरे वर्ष होलिका से गुजरेंगे। सुबह चार बजे मेला आचार्य पंडित भगवान सहाय ने मंत्रोच्चारण कराया। सुबह से ही मंदिर में अखंड हवन शुरू हो गया।
होलिका पूजन के दौरान गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और उनके प्रतिनिधि नरदेव चौधरी भी पहुंचे और हुरियारों की हौसलाफजाई की। देर रात तक वहां श्रद्धालुओं का आवागमन लगातार बढ़ता रहा।
गांव में जगह- जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और श्रद्धालुओं की आवभगत में ग्रामीण जुटे रहे। मांट विधायक राजेश चौधरी, कैलाश प्रधान, रालोद नेता कुंवरचंद रावत, लेखराज सिंह, राजवीर प्रधान, भगत सिंह मुखिया आदि मौजूद थे।