IND vs ENG: इंग्लैंड पर लगी 74 रन की ऐसी 'पेनल्टी', सेमीफाइनल में हुआ कुछ ऐसा कि, टीम इंडिया को मिला फायदा, और जीता वो 7 रन से..
इग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने बल्ले से अपनी सबसे शानदार परफॉर्मेंस दिखाई। मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 253 रन का स्कोर खड़ा कर दिया।
टीम इंडिया के लिए लगभग हर बल्लेबाज ने धुआंधार बैटिंग की और इस स्कोर तक पहुंचाने में अपना योगदान दिया। मगर इसमें इंग्लैंड का भी एक खास योगदान रहा, जिसने कुछ ऐसा किया, जिसके चलते टीम को 74 रन की अनचाही ‘पेनल्टी’ लग गई। इंग्लैंड को ये सजा अंपायर ने नहीं, बल्कि टीम इंडिया ने दी।
मगर इंग्लैंड से आखिरी ऐसी गलती हुई क्या?
पूरी कहानी आपको समझाते हैं। फाइनल में पहुंचने की उम्मीद के साथ टीम इंडिया ने इस सेमीफाइनल के लिए मैदान पर उतरी। इंग्लैंड जैसी टीम के खिलाफ और वानखेडे जैसे मैदान पर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया को बड़ा स्कोर बनाने की जरूरत थी. उसके लिए संजू सैमसन की ओर से शुरुआत फिर से तेज रही लेकिन दूसरे ही ओवर में अभिषेक शर्मा फिर जल्दी आउट हो गए. उनके आउट होने से टीम इंडिया के बड़े स्कोर तक पहुंचने की उम्मीदों को थोड़ा झटका लगा और इंग्लैंड को दबाव डालने का मौका मिला।
इंग्लैंड ने कर दी ये बड़ी गलती
बस यहीं पर इंग्लैंड ने एक ऐसी गलती की, जिससे उसे तगड़ा नुकसान हो गया. दूसरे ओवर में अभिषेक के आउट होने के बाद तीसरे ओवर में उसे एक और मौका मिला. मौका भी ऐसा-वैसा नहीं, बल्कि सबसे खतरनाक नजर आ रहे संजू सैमसन को आउट करने का मौका. तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर की दूसरी गेंद पर सैमसन ने सर्किल के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे. बस यहीं पर मौका था इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक के पास. मिड ऑन पर खड़े ब्रूक के हाथों में सीधा कैच आ रहा था. उन्हें हिलने की जरूरत भी नहीं पड़ी. मगर फिर अगले ही सेकेंड हर कोई हैरान रह गया. ब्रूक के हाथों से गेंद नीचे गिर गई और वो कैच छूट गया।
फिर सैमसन ने दी कड़ी सजा
पूरे वानखेडे स्टेडियम ने राहत की सांस ली और शोर मच गया. बस फिर तो सैमसन ने लंबे समय तक दोबारा कोई मौका नहीं दिया और अंधाधुंध छक्के-चौकों की बारिश कर दी. सिर्फ 26 गेंदों में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा करने के बाद भी सैमसन का हमला जारी रहा। आखिरकार 14वें ओवर में जाकर सैमसन आउट हुए लेकिन तब तक वो इंग्लैंड को उस भारी भरकम गलती की कड़ी सजा दे चुके थे। सैमसन को जब जीवनदान मिला था, तब वो सिर्फ 15 रन पर थे। मगर जब वो आउट हुए, तब तक वो अपने स्कोर में 74 रन और जोड़ चुके थे। आखिरकार इस बल्लेबाज ने 42 गेंदों में ही 89 रन की यादगार पारी खेली।