LPG Crisis: आजादी के बाद पहली बार राम रसोई बंद हुई; अवधेश प्रसाद बोले- अब अयोध्या में 15 मार्च से धरना दूंगा...
लखनऊ राज्य ब्यूरो। एलपीजी की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सरकार पर निशाना साधते हुए अयोध्या में राम रसोई बंद होने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में वर्षों से राम के नाम पर रसोई चलाई जाती थी, जहां जरूरतमंद लोगों को भोजन मिलता था, लेकिन गैस की कमी के कारण अब यह रसोई बंद हो गई है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि राम रसोई बंद करनी पड़ी है। उन्होंने इसे बेहद विडंबनापूर्ण बताते हुए कहा कि जिस राम के नाम पर भाजपा राजनीति करती रही है, उसी अयोध्या में राम रसोई बंद होना सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
15 मार्च से अयोध्या में धरना दूंगा- अवधेश प्रसाद
सपा सांसद ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को संसद में भी उठाया है और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि राम रसोई जल्द से जल्द फिर से शुरू की जानी चाहिए ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस दिशा में जल्द कदम नहीं उठाया तो वह आंदोलन करेंगे। अवधेश प्रसाद ने घोषणा की कि वह 15 तारीख से अयोध्या में धरना देकर राम रसोई दोबारा शुरू कराने की मांग करेंगे।आपको बता दें ईरान-इजरायल और अमेरिका के युद्ध के बीच देश में एलपीजी का संकट गहरा गया है। यूपी में भी सिलेंडर के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। अयोध्या में राम मंदिर के पास अमावा मंदिर मैनेजमेंट राम रसोई चलाता है। इसके बाहर नोटिस लगाया गया था, जिसमें कहा गया था कि गैस की किल्लत के कारण आज खाना नहीं बना।
अयोध्या में राम रसोई स्थगित
राम रसोई के बाहर चस्पा नोटिस में लिखा था, 'अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध तनावपूर्ण के कारण देश में रसोई गैस की किल्लत के कारण आपातकालीन स्थिति में आज की राम रसोई स्थगित की जाती है। राम मंदिर आने वाले भक्तों के लिए यह किसी झटके से कम नहीं है। रसोई प्रबंधन का कहना है कि सिलेंडरों की सप्लाई न होने के कारण उनके पास खाना बनाने का कोई साधन नहीं बचा। सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों में कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रुकने से हजारों होटल और रेस्टोरेंट्स में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं।
अखिलेश ने भाजपा को घेरा
वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एलपीजी किल्लत पर भाजपा को घेरा है। उन्होने कहा कि अगर भाजपा के नेता यह दावा कर रहे हैं कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान क्यों नहीं कर रहे हैं।