Headlines
Loading...
LPG Crisis: अब डबल सिलेंडर होने पर बुकिंग 36वें दिन, नए नियम से बढ़ने वाली है जनता की मुश्किलें...

LPG Crisis: अब डबल सिलेंडर होने पर बुकिंग 36वें दिन, नए नियम से बढ़ने वाली है जनता की मुश्किलें...

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। एलपीजी सिलेंडर की लगातार कमी से जूझ रही आम जनता की परेशानियां अब और बढ़ने वाली हैं। तेल कंपनियों ने नए सख्त नियम जारी कर दिए हैं, जिनके तहत जिन घरों में दो सिलिंडर पहले से मौजूद हैं, वहां अगली बुकिंग केवल 36वें दिन ही हो सकेगी।

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को तो 45 दिन इंतजार करना पड़ेगा, जबकि जिनके पास सिर्फ एक सिलेंडर है, वे 25 दिन बाद बुकिंग करा सकेंगे। ये नए दिशा-निर्देश शहरी, ग्रामीण और दूरदराज के सभी इलाकों में लागू होंगे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अब तय समय पूरा होने से पहले बुकिंग करने पर ऑनलाइन सिस्टम खुद-ब-खुद उसे ब्लॉक कर देगा। तेल कंपनियों का दावा है कि इस व्यवस्था से गैस वितरण में ज्यादा पारदर्शिता आएगी और हर उपभोक्ता को बारी-बारी से सिलेंडर मिल पाएगा।

छोटे सिलेंडरों के लिए भी नए अंतराल

5 किलो घरेलू सिलंडर के लिए शहरों में 9 दिन और गांवों में 16 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग की जा सकेगी। 10 किलो कंपोजिट सिलिंडर के लिए शहरों में 18 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 32 दिन का इंतजार करना होगा।

बढ़ेंगी मुश्किलें

अखिल भारतीय एलपीजी वितरक महासंघ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राज ने चिंता जताते हुए कहा कि इस नई पाबंदी से आम लोगों के साथ-साथ डिस्ट्रीब्यूटरों की मुश्किलें भी बढ़ेंगी. एजेंसियों पर भीड़ बढ़ने और विवाद होने का खतरा मंडराने लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास फिलहाल कोई दूसरा रास्ता नजर नहीं आ रहा, इसलिए उपभोक्ताओं को इंडक्शन, बिजली या अन्य विकल्पों की ओर भी रुख करना पड़ सकता है। 

वर्तमान में लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में गैस सिलिंडर की भारी किल्लत बनी हुई है। डीलरों के पास स्टॉक नहीं पहुंच रहा, जिससे पहले से ही लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं. नए नियम लागू होने के बाद स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।