Headlines
Loading...
LPG पर पहरा, कानपुर में पुलिस की मौजूदगी में बांटे गए गैस सिलेंडर, माइक से एनाउंसमेंट...

LPG पर पहरा, कानपुर में पुलिस की मौजूदगी में बांटे गए गैस सिलेंडर, माइक से एनाउंसमेंट...

कानपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर चल रही मारामारी पर पुलिस अब एक्शन मोड में है। एलपीजी पर पुलिस पर पहरा है। पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे गए। बॉटलिंग प्लांट और गैस एजेंसियों को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही पहले की तरह शत प्रतिशत घरों में सिलेंडर आपूर्ति को लेकर भी कवायद की जा रही है। ऐसा इसलिए ताकि एजेंसियों और पिक प्वाइंट पर भीड़ न लगे। 

दरअसल गुरुवार को नजीराबाद जेके मंदिर के पास सिलेंडर वितरण में हंगामे व बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एनाउंसमेंट तक करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने गैस एजेंसियों के टोल फ्री नंबर जारी किए हैं। पुलिस के मुताबिक वैकल्पिक प्लान भी बनाया जा रहा है।

गैस एजेंसियों पर भीड़ नहीं लगने दी जाएगी

घरेलू गैस सिलेंडरों की मारामारी पर गुरुवार रात डीजीपी और मुख्य सचिव ने प्रदेश भर के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों ने सिलेंडरों की कोई कमी न होने की बात कही है। उनका कहना है स्टॉक पर्याप्त है। जिसके बाद तय किया गया है कि एजेंसियों पर भीड़ नहीं लगने दी जाएगी। गैस एजेंसियां पूर्व की तरह सीधे लोगों के घरों में सिलेंडरों की आपूर्ति करेंगी। इसके लिए गैस एजेंसी संचालकों को कंपनी अधिकारियों की ओर से निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर

बाटलिंग प्लांट और गैस एजेंसियों को भी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। दो दिनों से सिलेंडर बुकिंग न होने की जन शिकायत पर पुलिस आयुक्त ने बताया सर्वर डाउन होने की जानकारी पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों ने दी है। अधिकारियों ने एक दो दिन में सर्वर सही होने का दावा किया गया है। पुलिस आयुक्त ने बताया अफवाह न फैले ,सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने भीड़ को किया कंट्रोल

जेके मंदिर में पास भागवत गैस एजेंसी संचालक लाइन लगा सिलेंडर बंटवा रहे थे। सिलेंडरों की संख्या 520 थी जबकि लाइन में 700 लोग लगे थे। लोगों ने आरोप लगाया संचालक परिचितों को सिलेंडर दे रहे हैं। एक उपभोक्ता ने नजीराबाद थाने में वितरण में अनियमितता की सूचना दे दी। इस पर एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके और थाना प्रभारी राजकेशर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यहां माइक से एनाउंटमेंट कर भीड़ को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया 100 से अधिक लोग बिना सिलेंडर लिए वापस गए। उन्हें फजलगंज से सिलेंडर लेने को कहा गया है।