कौन हैं एसडीएम अनुपम मिश्रा, जिनकी PCS पत्नी ने उन पर दर्ज करवाया दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मुकदमा, दोनों चंदौली में तैनात...
चंदौली/प्रतापगढ़। यूपी के चंदौली जिले में तैनात दो पीसीएस अफसर पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद का मामला अब थाने पहुंच गया है। एसडीएम अनुपम मिश्रा पर प्रतापगढ़ के महिला थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एसडीएम दिव्या मिश्रा के पिता निशिकांत ओझा ने दामाद, सास, नंनद सहित 5 पर मुकदमा दर्ज कराया है। दहेज के लिए प्रताड़ित करने, स्त्री धन हड़पने, नपुंसक, अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने जैसे गंभीर आरोप FIR में लगाए गए हैं।
सदर तहसील में तैनात एसडीएम दिव्या ओझा के पिता ने उनके पति और पीडीडीयू नगर तहसील में तैनात एसडीएम अनुपम मिश्रा के खिलाफ प्रतापगढ़ के महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने अपनी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 1 दिसंबर 2020 में प्रयागराज के नैनी क्षेत्र के अनुपम मिश्रा से उनकी बेटी की शादी हुई थी। शादी के समय दहेज में 20 करोड़ रुपये की मांग की गई, जो बाद में 5 करोड़ तक कम हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद भी दहेज के लिए लगातार प्रताड़ना की जा रही है, जिसमें 10 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर, 28 लाख नकद, 40 लाख के जेवरात और अन्य सामान दिए गए।
SDM को बताया नपुंसक
तहरीर में आगे कहा गया है कि दिव्या को शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है, जान से मारने की कोशिश की गई, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की धमकी दी गई। सबसे विवादास्पद आरोप यह है कि अनुपम मिश्रा ने शादी से पहले अपनी स्थिति के बारे में झूठ बोला और वे जन्मजात नपुंसक हैं। मुकदमा अनुपम मिश्रा, उनके पिता प्रमोद मिश्रा, मां शशि मिश्रा तथा दो बहनों पूजा पांडेय और प्रीति पांडेय के खिलाफ दर्ज किया गया है।
चंदौली में क्रॉस FIR भी दर्ज
इसके जवाब में अनुपम मिश्रा की मां शशि मिश्रा ने भी चंदौली के अलीनगर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू दिव्या ओझा और उनके परिजनों ने उनके साथ मारपीट की है। दोनों पक्षों की शिकायतों से मामला दोतरफा हो गया है। दोनों अधिकारी 2017 और 2019 बैच के पीसीएस हैं और वर्तमान में चंदौली जिले में ही अलग-अलग तहसीलों में एसडीएम के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने दोनों तरफ की तहरीरों पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।