RSS शताब्दी वर्ष पर भागलपुर में विराट हिंदू सम्मेलन, संतों ने किया कुटुम्ब व धर्म के संरक्षण के लिए आह्वान...
डिजिटल डेस्क, भागलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर ईश्वरनगर नगर के लोदीपुर बसंतपुर शिव-पार्वती मंदिर के प्रांगण में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 2,500 श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदू संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना था।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में आठ बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इनमें भजन संध्या, कथक नृत्य, भगवान शिव-पार्वती और भगवान कृष्ण पर आधारित भजन-नृत्य तथा माता पर आधारित गीत शामिल थे। इसके अलावा झझिया नृत्य भी मंचित किया गया। इन प्रस्तुतियों का निर्देशन अजय अटल, निवास मोदी और प्रवीण कुमार जैसे अनुभवी कलागुरुओं ने किया।
स्वस्ति वाचन और शंखनाद
विराट हिंदू सम्मेलन का संचालन दिलीप शास्त्री ने किया। मृगांक शेखर के स्वस्ति वाचन और शंखनाद के साथ संत-महात्माओं और RSS के अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किया। भागलपुर महानगर के शारीरिक शिक्षण प्रमुख रवि ने राष्ट्र की जयचेतना का गायन करते हुए "वंदे मातरम्" और "हिंदू जगे तो विश्व जागेगा" गीत प्रस्तुत किए।
प्रमुख गणमान्य उपस्थित
मंच पर स्वामी पंकज अर्थव, स्वामी बलराम गोस्वामी, आचार्य प्रेम शंकर तृक, ईश्वरनगर नगर संघचालक सत्यनारायण मंडल, भागलपुर विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख हरविंद्र नारायण भारती और भागलपुर विभाग प्रचार प्रमुख अजीत घोष उपस्थित थे।
पांच संकल्प : परिवार और राष्ट्र की प्राथमिकता
हरविंद्र नारायण भारती ने पंच परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को पांच संकल्प दिलाए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी भाव बनाए रखें, नागरिक कर्तव्य का पालन करें, पर्यावरण की रक्षा करें, सामाजिक समरसता बनाए रखें और कुटुम्ब प्रबोधन का पालन करें। उन्होंने अपील की कि परिवार को कभी बिखरने न दें, समय दें और सभी सदस्यों के साथ संवाद बनाकर सामंजस्य बनाए रखें।
हिंदू समाज की चुनौतियां और समाधान
भागलपुर विभाग प्रचार प्रमुख अजीत घोष ने हिंदू समाज के सामने मौजूद चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "हिंदू जगाओ, हिंदू बचाओ, हिंदू बढ़ाओ, हिंदू बसाओ और हिंदू संभालो।" उन्होंने धर्म की स्थिरता और संरक्षण पर जोर देते हुए उपस्थित लोगों से अपने धर्म को न छोड़ने और धर्म में मरने को भी सम्मानजनक बताया।
संतों ने किया धार्मिक आह्वान
कार्यक्रम में मौजूद संतों ने गौ रक्षा, लोभ-लालच से बचने, धर्म परिवर्तन से दूर रहने और स्वदेशी भाव को जीवित रखने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने परिवार और समाज में सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
धन्यवाद ज्ञापन और समापन
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, बसंतपुर के अध्यक्ष शशि ने किया। ईश्वरनगर नगर कार्यवाह राजेन्द्र वर्मा ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि और महत्व पर प्रकाश डाला। इस प्रकार RSS के शताब्दी वर्ष को सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से विशेष रूप से मनाया गया।
अन्य उपस्थित गणमान्य
महानगर सह सेवा प्रमुख चंद्रशेखर प्रसाद, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष दयानंद मंडल, सचिव विनोद कुमार सिंह, सह सचिव मनीष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विंदेश्वरी सिंह और सह कोषाध्यक्ष अवधेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती से हुई। इसके बाद सभी ने महाप्रसाद (खीर) ग्रहण किया।