चुनाव 2026 : शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में अभिनेत्री माफिन और विकास नारायण चौधरी भाजपा में शामिल...
कोलकाता,10 अप्रैल। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां राजनीतिक दलों का हिस्सा बन रही हैं। इसी क्रम में बंगाली टेलीविजन जगत की जानी-मानी अभिनेत्री माफिन चक्रवर्ती और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विकाशनारायण चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में इन दोनों ने आधिकारिक रूप से भाजपा का झंडा थामा।
शुभेंदु अधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि 2026 के चुनावी माहौल में ये दोनों चेहरे पार्टी के प्रचार अभियान को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। माफिन चक्रवर्ती बंगाली मनोरंजन उद्योग का एक लोकप्रिय चेहरा हैं और अब तक लगभग 22 टीवी धारावाहिकों में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह आगामी चुनावों में भाजपा के पक्ष में जनसंपर्क और प्रचार कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगी।
वहीं, विकाशनारायण चौधरी का भाजपा में आना तृणमूल कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। उनके बारे में जानकारी देते हुए शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि चौधरी तृणमूल की स्थापना के समय से ही वामपंथ के खिलाफ आंदोलनों में सक्रिय रहे थे।
विशेष रूप से वर्ष 2009 में पूर्व बर्दवान के मंगलकोट में हुए संघर्ष के दौरान उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई थी और इस कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के लिए संघर्ष करने के बावजूद विकाशनारायण चौधरी को उपेक्षित किया गया। उनके खिलाफ कई राजनीतिक मामले दर्ज हुए, लेकिन संकट के समय पार्टी ने उनका साथ नहीं दिया, जिससे आहत होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के करीब आते ही भाजपा की ताकत लगातार बढ़ रही है। हाल ही में पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने भी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ली थी। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि ग्लैमर और अनुभवी जमीनी नेताओं के इस मेल से आगामी चुनावों में पार्टी की स्थिति काफी मजबूत होगी।