डॉलर के आगे रुपया बना 'सुपरमैन' !! अमेरिकी सीजफायर से आई जान, डॉलर के मुकाबले 50 पैसे की जोरदार लगाया छलांग...
आज दोपहर बुधवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे मजबूत होकर 92.56 पर पहुंच गया। यह तब हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों को दो हफ़्ते के लिए रोकने की घोषणा की। फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा से रिस्क एसेट्स में जोरदार खरीदारी की लहर दौड़ गई।
एशियाई स्टॉक्स, डॉव फ्यूचर्स, सोना और चांदी सभी में तेजी आई, जबकि ब्रेंट ऑयल 100 डॉलर से नीचे गिरकर 96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इसके चलते रुपया भी उछलकर 92.56 के स्तर पर पहुंच गया। RBI की 10 अप्रैल तक की समय सीमा (100 मिलियन डॉलर तक की ओवरनाइट पोज़िशन्स को स्क्वायर ऑफ़ करने के संबंध में) अभी भी लागू है। आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर करेंसी मार्केट में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं।
रुपए में जोरदार उछाल
आज बुधवार को डॉलर के मुकाबले में जोरदार रिकवरी देखने को मिली. करेंसी मार्केट में निवेशकों को राहत देते हुए रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.92 पर खुला. शुरुआती कारोबार में यह और मज़बूत होकर 92.56 के स्तर पर पहुंच गया, जो इसके पिछले बंद भाव से 50 पैसे की बढ़त दर्शाता है. मंगलवार को, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 93.06 पर बंद हुआ था. वैसे आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली मौद्रिक नीति समिति (MPC) का ऐलान कर दिया है. जहां आरबीआई ने पॉलिसी रेट में कोई बदलाव नहीं किया है. वहीं दूसरी ओर आरबीआई ने महंगाई के अपने अनुमान में इजाफा किया है. साथ ही जीडीपी ग्रोथ में मामूली कटौती की है।
डॉलर गिरा, बाजार उछाला
इस बीच, डॉलर इंडेक्स-जो छह मुद्राओं की एक टोकरी के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मज़बूती को मापता है-0.90 प्रतिशत गिरकर 98.96 पर आ गया. वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड, सीज़फ़ायर की घोषणा के बाद फ़्यूचर्स कारोबार में 12.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.42 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. घरेलू इक्विटी बाज़ार की बात करें तो, 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2527.47 अंक या 3.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,144.05 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 767.25 अंक या 3.32 प्रतिशत उछलकर 23,890.90 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 8,692.11 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची।
ट्रंप ने किया सीजफायदा का ऐलान
राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपनी रात 8 बजे (ET) की समय सीमा से महज कुछ घंटे पहले ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों को दो हफ्ते के लिए रोकने की घोषणा की। ईरान ने युद्धविराम के दौरान होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित आवागमन की अनुमति देने पर सहमति जताई, जिससे तेल, इक्विटी और मुद्राओं के बाज़ारों में जबरदस्त हलचल मच गई। रुपया 92.50 से 93.50 के बीच थोड़ी-बहुत उतार-चढ़ाव के साथ एक सीमित दायरे में रहने की संभावना है।