बाली उम्र में भिड़े नैना, 9 साल चला लव अफेयर, गुपचुप पहनाई वरमाला, फिर कांप गया कलेजा..
अनोखी प्रेम कहानी :: चूरू में प्यार में डूबे एक प्रेमी जोड़े ने 9 साल के लंबे लव अफेयर के बाद शादी तो कर ली लेकिन बाद में परिजनों के डर से उनका कलेजा कांप गया. दोनों धड़कते दिल के साथ वापस अपने गृह नगर चूरू तो लौट आए लेकिन घर की बजाय पहुंचे सीधे पुलिस के पास.वहां दोनों ने पुलिस को अपनी प्रेम कहानी बताते हुए सुरक्षा मांग की है. दोनों का कहना है कि वे बालिग हैं। उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है. लेकिन अब उन्हें डर है कि परिवार वाले उन्हें छोड़ेंगे नहीं लिहाजा उन्हें पुलिस प्रोटेक्शन प्रदान किया जाए।
इस प्रेम कहानी की शुरुआत चूरू जिले की सरदार शहर तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में हुई. प्रेमी और उसकी प्रेमिका दोनों अलग-अलग जाति से हैं. अंतरजातीय विवाह होने के कारण अब उन्हें परिवार वालों से डर सता रहा है. सरदारशहर इलाके के रातुसर गांव की 22 साल की पूनम सुथार ने अपने ही इलाके के खेजड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय तिलोक राम मेघवाल के साथ परिवार की इच्छा के विरुद्ध लव मैरिज की है. लेकिन यह शादी अब उनके जी का जंजाल बन गई है।
9वीं कक्षा से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
एसपी दफ्तर पहुंची पूनम ने बताया कि उसकी और प्रेमी तिलोकराम की पहचान करीब 9 साल पुरानी है. दोनों 9वीं कक्षा से एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे. स्कूल के दिनों में शुरू हुई दोस्ती समय के साथ गहरे प्रेम संबंध में बदल गई. पढ़ाई के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा और मोबाइल फोन के जरिए नियमित बातचीत होती रही. वर्तमान में तिलोक राम एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है, जबकि वह खुद सरदारशहर से एमए कर रही है।
परिवार ने रिश्ते को सिरे से खारिज कर दिया
पूनम ने बताया कि उसने अपने परिवार को पहले ही इस रिश्ते के बारे में बता दिया था. लेकिन तिलोकराम के अलग जाति से होने के कारण परिजनों ने इस संबंध को सिरे से खारिज कर दिया. इतना ही नहीं परिवार के लोग उसकी शादी किसी अन्य जगह तय करने का प्रयास करने लगे. बकौल पूनम इस बात ने उस पर मानसिक दबाव बढ़ा दिया था. उसे अपने भविष्य को लेकर चिंता होने लगी थी. ऐसे हालात में दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी करने का निर्णय कर लिया।
दोनों ने जयपुर आकर की शादी
पूनम ने बताया कि 24 मार्च को दोनों घर से निकलकर जयपुर पहुंचे. वहां उन्होंने विधिवत रूप से विवाह कर लिया. शादी के बाद दोनों कुछ दिनों तक जयपुर के एक होटल में रुके रहे. इस दौरान उन्होंने अपने रिश्ते को कानूनी रूप से मजबूत किया। लेकिन उन्हें लगातार इस बात का डर सता रहा था कि परिजन उनकी शादी को स्वीकार नहीं करेंगे और उनके लिए खतरा पैदा कर सकते हैं. इसी आशंका के चलते दोनों चूरू लौटे और सीधे एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।