Bihar Crime: थ्रेसर के विवाद में जमकर चली गोलियां, दो चचेरे भाइयों की लड़ाई में दो लोगों की मौत, इलके में खौफ और खामोशी...
बिहार क्राइम न्यूज। एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली विवाद ने खूनी खेल का रूप ले लिया। शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव में थ्रेसर हटाने को लेकर शुरू हुई तकरार अचानक गोलियों की गूंज में बदल गई और देखते ही देखते दो जिंदगियां खत्म हो गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक, दो चचेरे भाइयों के बीच थ्रेसर को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी, जो जल्द ही मारपीट और फिर फायरिंग तक जा पहुंची। इसी बीच 65 वर्षीय पूना यादव, जो झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे, किस्मत के मारे बन गए। आरोप है कि एक पक्ष से निकली गोली सीधे उनके सिर में जा लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस खौफनाक मंजर के बाद हालात और बिगड़ गए। दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग हुई, जिसमें मुख्य आरोपी प्रेम राज उर्फ संतोष कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल शेखपुरा ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह खून के बदले खून में दो लोगों की जान चली गई।
घटना के बाद पूरे गांव में खौफ और खामोशी का माहौल है। इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपी बलीराम चौधरी के निर्देश पर एएसपी डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दोनों पक्षों से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि थ्रेसर जैसे छोटे विवाद ने जिस तरह खूनी अंजाम लिया, वह बेहद चिंताजनक है। फिलहाल सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है इस खूनी खेल में शामिल किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा।